

बलिया के बांसडीह क्षेत्र में एक और बड़ी चोरी की वारदात से सनसनी फैल गई है। चोरों ने मकान का ताला तोड़कर लाखों का माल चुरा लिया। पुलिस जांच में जुटी है लेकिन अब तक किसी भी मामले का खुलासा नहीं हो सका।
चोरी के बाद बिखरा माल
Ballia: बांसडीह कोतवाली क्षेत्र में बीती रात चोरों ने एक बार फिर पुलिस को खुली चुनौती दे डाली। हालपुर गांव में बुधवार की रात अज्ञात चोरों ने एक बड़े मकान का ताला तोड़कर लाखों रुपये के जेवरात, नकदी और कीमती सामान पर हाथ साफ कर दिया। चोरी की यह वारदात अंकुर पब्लिक इंटर कॉलेज, बांसडीह के निदेशक तरुण प्रकाश सिंह पप्पू के पैतृक मकान में हुई। घटनास्थल पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू कर दी है, लेकिन इलाके में लगातार हो रही चोरियों ने लोगों में दहशत फैला दी है।
मिली जानकारी के अनुसार, हालपुर गांव निवासी ज्ञान सिंह अपने परिवार के साथ तरुण प्रकाश सिंह के पैतृक घर में रहते हैं। बीते सप्ताह उनकी पत्नी, बेटा और बहू इलाज के लिए नई दिल्ली गए हुए थे। घर में केवल ज्ञान सिंह अकेले मौजूद थे। देर रात के समय चोर मकान के पीछे के दरवाजे का ताला तोड़कर अंदर दाखिल हो गए।
अंदर पहुंचने के बाद चोरों ने तीन कमरों का ताला तोड़ा और तीन अलमारियां व बक्से खोल डाले। इसके बाद वे सोने की चार चेन, चार अंगूठी, चार जोड़ी झुमके, चार चांदी की पायल, कपड़े, बर्तन, इंडक्शन चूल्हा, गैस चूल्हा और करीब ₹40,000 नकद लेकर फरार हो गए।
सुबह जब ज्ञान सिंह की नींद खुली तो उन्होंने आंगन में बिखरे सामान को देखकर होश खो दिए। उन्होंने तत्काल पुलिस को सूचना दी। मौके पर बांसडीह कोतवाल राकेश उपाध्याय टीम के साथ पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट को बुलाकर साक्ष्य जुटाए हैं और आसपास के लोगों से पूछताछ भी की जा रही है।
हालांकि, खबर लिखे जाने तक पुलिस को चोरों के संबंध में कोई ठोस सुराग नहीं मिला है।
बांसडीह क्षेत्र में बीते एक माह से चोरी की घटनाएँ लगातार बढ़ रही हैं। आधा दर्जन से ज्यादा घरों में चोर वारदातों को अंजाम दे चुके हैं, लेकिन पुलिस अब तक किसी भी मामले का खुलासा नहीं कर पाई है। इस वजह से इलाके में लोगों के बीच भय और असुरक्षा का माहौल बन गया है।
सोना, चांदी और नकदी समेत लाखों का सामान गायब
केस- 1 : देवडीह गांव की वारदात
करीब एक सप्ताह पहले देवडीह गांव में सेवानिवृत्त सेवायोजन अधिकारी महेश दत्त तिवारी के घर चोरों ने धावा बोल दिया था। उस समय घर में कोई नहीं था। चोरों ने लाखों रुपये के गहने, बर्तन और कीमती सामान चुरा लिए थे। पुलिस को आज तक इस मामले में कोई सफलता नहीं मिली।
केस- 2 : वार्ड नंबर छह की घटना
विगत बुधवार को वार्ड नंबर छह में सत्यनारायण यादव के मकान में किरायेदार सुनीता वर्मा रहती थीं। मंगलवार को वे अपने ससुराल बंशीबाजार चली गई थीं और घर खाली था। चोरों ने मौके का फायदा उठाते हुए वहां से लाखों रुपये के जेवर और सामान गायब कर दिया।
केस- 3 : बांसडीह गुदरी बाजार में चोरी
13 सितंबर को बिजली विभाग में कार्यरत सनी मिश्रा, जो प्रतापगढ़ में नौकरी करते हैं, उनके बांसडीह स्थित बंद मकान का ताला तोड़कर चोरों ने लाखों रुपये के गहने और नकदी चोरी कर ली। यह घटना बाजार के बीचों-बीच हुई थी, फिर भी चोरों का कोई पता नहीं चल सका।
केस- 4 : मिरगिरी टोला की वारदात
3 सितंबर को एडवोकेट अशोक कुमार पांडेय तीर्थ यात्रा पर रामेश्वरम गए हुए थे। उनकी गैरमौजूदगी में चोरों ने उनके घर को पूरी तरह खंगाल डाला। घर से गहने, नकदी और कपड़े तक गायब कर दिए गए। पुलिस ने मुकदमा तो दर्ज किया, लेकिन आज तक एक भी आरोपी गिरफ्तार नहीं हो सका।
लगातार हो रही वारदातों से ग्रामीणों का सब्र टूटने लगा है। हालपुर, देवडीह, बांसडीह बाजार और आसपास के गांवों में लोग रातभर चौकन्ने रह रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि पुलिस गश्त केवल कागजों में दिखती है, जबकि चोर लगातार एक के बाद एक घरों को निशाना बना रहे हैं।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि पुलिस अब तक किसी भी चोरी का खुलासा नहीं कर पाई है, जिससे अपराधियों के हौसले बुलंद हैं। कई परिवारों ने अपने घरों में CCTV कैमरे और अतिरिक्त ताले लगवाने शुरू कर दिए हैं।
Ballia: सड़क हादसे में सीओ रसड़ा कार्यालय में तैनात सिपाही की दर्दनाक मौत, पुलिस विभाग में शोक
इस मामले में बांसडीह कोतवाल राकेश उपाध्याय ने बताया कि, "घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी गई है। कुछ संदिग्धों से पूछताछ चल रही है और जल्द ही चोरों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।"