जनपद के बेरोजगार युवाओं और युवतियों के लिए एक बड़ी खुशखबरी है। उत्तर प्रदेश कौशल विकास मिशन एवं आईटीआई के संयुक्त तत्वावधान में 24 फरवरी 2026 को देवरिया में भव्य ‘रोजगार मेला महोत्सव’ का आयोजन किया जाएगा।

Deoria: जनपद के बेरोजगार युवाओं और युवतियों के लिए एक बड़ी खुशखबरी है। उत्तर प्रदेश कौशल विकास मिशन एवं आईटीआई के संयुक्त तत्वावधान में 24 फरवरी 2026 को देवरिया में भव्य ‘रोजगार मेला महोत्सव’ का आयोजन किया जाएगा। इस रोजगार मेले का उद्देश्य स्थानीय स्तर पर युवाओं को प्रतिष्ठित कंपनियों में सीधे रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना है, ताकि उन्हें रोजगार के लिए बाहर भटकना न पड़े।
जिला समन्वयक, जिला कार्यक्रम प्रबंधन इकाई, उ०प्र० कौशल विकास मिशन, देवरिया ने जानकारी देते हुए बताया कि इस महोत्सव में देश और प्रदेश की 15 से अधिक प्रतिष्ठित कंपनियां हिस्सा लेंगी। आईटी, मैन्युफैक्चरिंग और सेवा क्षेत्र सहित विभिन्न सेक्टरों में हजारों रिक्त पदों पर योग्य अभ्यर्थियों का चयन किया जाएगा। कार्यक्रम प्रातः 10 बजे से प्रारंभ होगा और पूरे दिन चयन प्रक्रिया जारी रहेगी।
रोजगार मेले में हाईस्कूल, इंटरमीडिएट, स्नातक, आईटीआई उत्तीर्ण तथा उत्तर प्रदेश कौशल विकास मिशन से प्रशिक्षित अभ्यर्थी भाग ले सकते हैं। इच्छुक उम्मीदवारों को अपनी अद्यतन प्रोफाइल, बायोडाटा और सभी शैक्षिक प्रमाण-पत्रों की मूल एवं छायाप्रति साथ लानी होगी। चयन प्रक्रिया में इंटरव्यू और दस्तावेज सत्यापन के आधार पर अभ्यर्थियों का चयन किया जाएगा।
यह रोजगार मेला राजकीय आईटीआई, देवरिया परिसर में आयोजित किया जाएगा। विभाग की ओर से जनपद के सभी पात्र एवं इच्छुक अभ्यर्थियों से अपील की गई है कि वे निर्धारित तिथि और समय पर पहुंचकर इस सुनहरे अवसर का लाभ उठाएं। अधिकारियों का कहना है कि इस तरह के आयोजनों से युवाओं को स्थानीय स्तर पर बेहतर रोजगार के अवसर मिलेंगे और जिले की आर्थिक स्थिति को भी मजबूती मिलेगी।
वायरल वीडियो की चाह ने छीनी बेटे की जान, मां को मिलेगा कब तक इंसाफ?
रोजगार की तलाश कर रहे युवाओं के लिए यह महोत्सव एक सुनहरा मंच साबित हो सकता है। एक ही स्थान पर विभिन्न कंपनियों से सीधे संपर्क और चयन का मौका मिलना युवाओं के लिए बड़ी राहत है।
देवरिया से दिनेश राव की रिपोर्ट।