
अफसरों अफसरों के सामने खुलकर बोली जनता
Gorakhpur: जनसमस्याओं के त्वरित निस्तारण और प्रशासनिक व्यवस्था की जमीनी हकीकत परखने के उद्देश्य से शनिवार को गोला थाने पर आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में उस समय खासा हलचल रही, जब अपर पुलिस महानिदेशक गोरखपुर जोन मुथा अशोक जैन एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक राज करन नय्यर दोपहर ठीक साढ़े बारह बजे भारी पुलिस बल के साथ थाने पहुंचे। उनके आगमन से पहले ही एसपी आरए दक्षिणी दिनेश कुमार पुरी और सीओ गोला दरवेश कुमार मौजूद रहे।
जिला मुख्यालय से आए सशस्त्र पुलिस बल द्वारा एडीजी को गार्ड ऑफ ऑनर और सलामी दी गई। सलामी लेने के बाद एडीजी जैन सीधे निरीक्षण पर निकल पड़े। उन्होंने शस्त्रागार का विधिवत निरीक्षण किया और थाने के दीवान से आवश्यक पूछताछ की। थाना परिसर, साफ-सफाई व्यवस्था और महिला सशक्तिकरण कार्यालय का निरीक्षण करते हुए वे संतोषजनक स्थिति में नजर आए। इसके साथ ही आवासीय परिसर की व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया गया।
इसके बाद समाधान दिवस में उपस्थित फरियादियों से सीधे संवाद किया गया। इस दौरान गोपालापुर निवासी भाजपा बूथ अध्यक्ष गुड्डू राय ने एडीजी को शिकायती पत्र सौंपते हुए गोला थाना क्षेत्र में अवैध मिट्टी खनन, अवैध शराब बिक्री, सुअर के मांस की अवैध गतिविधियां तथा हरे व प्रतिबंधित पेड़ों की कटान जैसे गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने जेसीबी मशीनों से सरकारी भूमि पर हो रहे खनन और तरैना पुल के पास जंगल क्षेत्र में अवैध गतिविधियों का जिक्र करते हुए स्थानीय पुलिस-प्रशासन की मिलीभगत का आरोप भी लगाया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एडीजी जैन ने प्रकरण एसपी आरए दक्षिणी को सौंपते हुए स्वयं निगरानी कर त्वरित समाधान के निर्देश दिए। समाधान दिवस में राजस्व विभाग से जुड़े कई भूमि विवाद भी सामने आए। नायब तहसीलदार रमाकांत चौहान सहित राजस्व टीम ने पुलिस सहयोग में देरी की समस्या उठाई, जिस पर एडीजी ने पुलिस-राजस्व समन्वय को और मजबूत करने का भरोसा दिया।
Gorakhpur News: रिश्तों की मर्यादा तार-तार; भतीजे के प्यार में पागल चाची का थाने में हंगामा
एडीजी जैन ने कहा कि प्रशिक्षण पूर्ण होने के बाद पुलिस बल की कमी दूर होगी और राजस्व विभाग की सहायता के लिए एक डेडीकेटेड टीम हमेशा उपलब्ध रहेगी। एक गांव में एक साथ कई मामलों के समाधान की रणनीति पर भी चर्चा हुई।
समाधान दिवस के समापन पर पत्रकारों से बातचीत में एडीजी ने अवैध खनन जैसी शिकायतों की पुष्टि करते हुए आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिया। उन्होंने थाना परिसर में पड़े कंडम वाहनों को हटाने, आवासीय सुविधा बढ़ाने और रामजानकी मार्ग पर बढ़े ट्रैफिक को नियंत्रित करने के लिए ट्रैफिक कोऑर्डिनेशन कमेटी के तहत विशेष व्यवस्था लागू करने की बात कही। करीब तीन बजे एडीजी का काफिला अन्य स्थान के लिए रवाना हुआ, जाते समय पुनः सलामी दी गई।
Location : Gorakhpur
Published : 13 December 2025, 6:31 PM IST