ग्रेटर नोएडा में बैठकर विदेशी लड़कियां दुनिया में कर रही थी नशे का सौदा, करोड़ों का माल देखकर मुंबई पुलिस की फटी आंखें

ग्रेटर नोएडा के ओमिक्रॉन सेक्टर में मुंबई ATS और ग्रेटर नोएडा पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में दो नाइजीरियाई महिलाएं गिरफ्तार हुई हैं। उनके पास से 2,688 ग्राम मेथामफेटामाइन और ड्रग तैयार करने का रॉ मैटेरियल बरामद हुआ है। जांच एजेंसियां अब पूरे मामले के अंतरराष्ट्रीय ड्रग नेटवर्क से जुड़े होने की आशंका की जांच कर रही हैं।

Post Published By: Mayank Tawer
Updated : 13 August 2026, 2:06 PM IST

Greater Noida: ग्रेटर नोएडा के ओमिक्रॉन सेक्टर में एक फ्लैट से मिली भारी मात्रा में ड्रग ने पुलिस और जांच एजेंसियों के होश उड़ा दिए हैं। मुंबई ATS और ग्रेटर नोएडा पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए दो नाइजीरियाई महिलाओं को गिरफ्तार किया है। दोनों के कब्जे से करीब 2,688 ग्राम मेथामफेटामाइन बरामद की गई है। इतना ही नहीं, ड्रग तैयार करने में इस्तेमाल होने वाला रॉ मैटेरियल भी मौके से मिला है। अब जांच एजेंसियों को शक है कि यह मामला किसी बड़े अंतरराष्ट्रीय ड्रग नेटवर्क से जुड़ा हो सकता है। माल की कीमत 5.4 करोड़ रुपये है।

ओमिक्रॉन सेक्टर के फ्लैट में हुई कार्रवाई

मामला ग्रेटर नोएडा के कासना थाना क्षेत्र का है। मुंबई पुलिस और ATS को मिले इनपुट के आधार पर ग्रेटर नोएडा पुलिस के साथ मिलकर ओमिक्रॉन सेक्टर स्थित एक फ्लैट पर कार्रवाई की गई। तलाशी के दौरान दो नाइजीरियाई महिलाएं पकड़ी गई। जांच के दौरान उनके कब्जे से मेथामफेटामाइन और ड्रग बनाने में इस्तेमाल होने वाला रॉ मैटेरियल बरामद हुआ।

ड्रग यहीं तैयार होती थी या बाहर से आती थी?

अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि फ्लैट में बरामद रॉ मैटेरियल का इस्तेमाल यहीं मेथामफेटामाइन तैयार करने के लिए किया जाता था या फिर बाहर से तैयार ड्रग लाकर यहां से उसकी सप्लाई होती थी। पुलिस और ATS इसी एंगल पर जांच आगे बढ़ा रही हैं। मौके पर जांच के बाद संबंधित स्थान को सील कर दिया गया है।

ग्रेटर नोएडा पुलिस ने मुंबई पुलिस के सहयोग से 2 महिलाओं को गिरफ्तार किया (IMG: Dynamite News)

मुंबई के बांद्रा ईस्ट से जुड़ा कनेक्शन

जांच एजेंसियों ने इससे पहले मुंबई के बांद्रा ईस्ट इलाके में मेथामफेटामाइन बरामद की थी। इसी कार्रवाई और ग्रेटर नोएडा से मिले सुरागों को जोड़कर अब पूरे नेटवर्क की कड़ियां तलाशने की कोशिश की जा रही है। एजेंसियों को शक है कि ड्रग की सप्लाई का नेटवर्क एक से ज्यादा शहरों और लोगों तक फैला हो सकता है।

ट्रांजिट रिमांड पर मुंबई ले जाया गया

पूछताछ पूरी होने के बाद दोनों गिरफ्तार महिलाओं को ट्रांजिट रिमांड पर मुंबई ले जाया गया है। वहां दर्ज मामले और ग्रेटर नोएडा से मिले सुरागों को आपस में जोड़कर आगे की जांच की जाएगी। पुलिस अब दोनों से पूछताछ के साथ डिजिटल साक्ष्यों की भी जांच करेगी। माना जा रहा है कि इससे नेटवर्क में शामिल दूसरे लोगों तक पहुंचने में मदद मिल सकती है। जांच एजेंसियों की नजर अब इस बात पर है कि ड्रग की सप्लाई कहां से होती थी और इसके पीछे कौन-कौन लोग जुड़े हैं।

Location :  Greater Noida

Published :  13 August 2026, 1:20 PM IST