हिंदी
Ghaziabad: खोड़ा क्षेत्र में सूर्या हत्याकांड के बाद सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। मंगलवार को भी इलाके में भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया। इलाके में अवैध रूप से संचालित तीन मदरसों को सील किया गया है। साथ ही मदरसों का बिजली कनेक्शन भी काटा गया है।
सूर्या की हत्या के बाद कमिश्नरेट पुलिस हरकत में आई और जिले भर में हिस्ट्रीशीटर का सत्यापन शुरू किया गया है। पुलिस व प्रशासन की संयुक्त टीम 1600 से ज्यादा लोगों का सत्यापन कर चुकी है।
सूर्या हत्याकांड का मुख्य आरोपी असद पुलिस एनकाउंटर में मारा जा चुका है। इसके बाद प्रशासन ने उसके निवास स्थान पर कार्रवाई शुरू कर दी है। अधिकारियों ने उस मकान पर नोटिस चस्पा किया है, जहां असद अपने परिवार के साथ रहता था।
उपजिलाधिकारी की ओर से जारी नोटिस में कहा गया है कि संबंधित मकान सरकारी भूमि पर अवैध कब्जा कर बनाया गया है। प्रशासन ने मकान मालिक को 15 दिनों के भीतर भूमि खाली करने का निर्देश दिया है।
असद के पिता नवाब के घर के बाहर प्रशासन ने मुनादी भी कराई। अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि निर्धारित समय सीमा के भीतर कब्जा नहीं हटाया गया तो बुलडोजर चलाकर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन का कहना है कि क्षेत्र में शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। पुलिस लगातार निगरानी कर रही है और किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए तैयार है।
Location : Ghaziabad
Published : 2 June 2026, 3:26 PM IST