हिंदी
पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर भीषण हादसा (Img: Dynamite News)
Sultanpur: उत्तर प्रदेश के सुल्तानपुर जिले के बल्दीराय थाना क्षेत्र में पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर गुरुवार भोर हुए भीषण सड़क हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि 16 यात्री घायल हुए हैं। रक्षाबंधन का पर्व मनाने बिहार जा रही यात्रियों से भरी बस को माइलस्टोन 96 के पास तेज रफ्तार ट्रक ने पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।
बताया गया कि यात्रियों से भरी बस पूर्वांचल एक्सप्रेसवे से बिहार की ओर जा रही थी। गुरुवार तड़के माइलस्टोन 96 के पास पीछे से आए तेज रफ्तार ट्रक ने बस में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस में सवार यात्रियों में अफरातफरी मच गई और कई लोग घायल हो गए।
हादसे की सूचना मिलते ही एसडीएम प्रभात सिंह, क्षेत्राधिकारी बल्दीराय आशुतोष कुमार और थानाध्यक्ष महेंद्र प्रताप सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला और घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया।
हादसे में श्यामलाल मंडल (28), विनोद मंडल (50) और बिहार के कुमारखंड निवासी किरण देवी (46) की मौत हो गई। पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
वहीं, हादसे में घायल 16 लोगों में से 11 घायलों को अयोध्या के कुमारगंज स्थित 100 शैय्या अस्पताल में भर्ती कराया गया है। गंभीर रूप से घायल पांच लोगों को जिला अस्पताल अयोध्या में भर्ती कराया गया है। सभी घायलों का चिकित्सकों की निगरानी में उपचार चल रहा है।
हादसे के बाद टक्कर मारने वाला ट्रक चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज के जरिए ट्रक और उसके चालक की तलाश कर रही है। साथ ही दुर्घटना की परिस्थितियों की भी जांच की जा रही है।
घटना पर जिलाधिकारी इंद्रजीत सिंह ने दुख जताते हुए संदेश जारी किया है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को घायलों के बेहतर और समुचित इलाज के निर्देश दिए हैं। डीएम ने अस्पतालों में भर्ती घायलों के उपचार की लगातार निगरानी करने और जरूरत के अनुसार हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने को कहा है।
Sultanpur: सुलतानपुर में एक्सप्रेसवे पर ट्रक से लटका मिला शव, जांच में जुटी पुलिस
बताया जा रहा है कि बस में सवार यात्री रक्षाबंधन का पर्व मनाने बिहार स्थित अपने घर जा रहे थे। त्योहार की खुशियां लेकर घर लौट रहे यात्रियों के लिए रास्ते में हुआ हादसा बेहद दर्दनाक साबित हुआ। तीन यात्रियों की मौत की खबर से उनके परिवारों में कोहराम मचा हुआ है।
हादसे के बाद पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर काफी देर तक अफरातफरी का माहौल रहा। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त बस को हटवाकर यातायात व्यवस्था सामान्य कराई। फरार ट्रक चालक की तलाश जारी है।
Location : Sultanpur
Published : 27 August 2026, 1:34 PM IST
Topics : Bihar Bus Accident Purvanchal Expressway accident Raksha Bandhan Accident Road Accident sultanpur news