Muzaffarnagar: बच्चा सुरक्षित, लेकिन मां की मौत; डिलीवरी ऑपरेशन के बाद अस्पताल में मचा हंगामा

मुजफ्फरनगर के एक निजी अस्पताल में डिलीवरी के दौरान महिला की मौत के बाद मामला गरमा गया। परिजनों के आरोपों के बाद पुलिस और स्वास्थ्य विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं। अस्पताल की व्यवस्थाओं को लेकर भी सवाल उठे। जांच के दौरान अधिकारियों ने ऐसी कार्रवाई की, जिसके बाद पूरे मामले ने नया मोड़ ले लिया।

Post Published By: Poonam Rajput
Updated : 27 August 2026, 2:30 PM IST
google-preferred

Muzaffarnagar: मुजफ्फरनगर के रुड़की रोड स्थित इंडियन हॉस्पिटल में डिलीवरी के दौरान एक महिला की मौत के बाद गुरुवार को जमकर हंगामा हुआ। मृतका की पहचान मुस्कान पुत्री इकराम के रूप में हुई है। परिजनों के मुताबिक, बुधवार दोपहर करीब दो बजे महिला को डिलीवरी के लिए अस्पताल लाया गया था।

परिवार का कहना है कि महिला की डिलीवरी का समय पूरा हो चुका था और उसे सामान्य हालत में अस्पताल लाया गया था।

ऑपरेशन के बाद बिगड़ी महिला की हालत

परिजनों ने आरोप लगाया कि अस्पताल में महिला को भर्ती करने के लिए 50 हजार रुपये की मांग की गई थी। इसमें से 30 हजार रुपये जमा कराने की बात कही गई है। इसके बाद डॉक्टरों ने सामान्य डिलीवरी के बजाय ऑपरेशन की सलाह दी।

परिजनों की सहमति के बाद महिला का ऑपरेशन किया गया। उनका दावा है कि ऑपरेशन के बाद नवजात बच्चे को उन्हें सौंप दिया गया, लेकिन महिला की हालत बिगड़ने लगी।

हालत बिगड़ने पर दूसरे अस्पताल किया रेफर

परिजनों का आरोप है कि महिला की तबीयत खराब होने के बावजूद समय पर उचित उपचार नहीं मिला। हालत गंभीर होने पर उसे दूसरे अस्पताल के लिए रेफर किया गया। परिवार का आरोप है कि इसी दौरान अस्पताल के डॉक्टर और स्टाफ वहां से चले गए और महिला की मौत हो गई।

महिला की मौत की खबर मिलते ही परिजन आक्रोशित हो गए और अस्पताल के बाहर प्रदर्शन करते हुए कार्रवाई की मांग करने लगे।

पुलिस और स्वास्थ्य विभाग पहुंचा मौके पर

हंगामे की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। एएसपी सिद्धार्थ मिश्रा ने बताया कि फिलहाल मौके पर शांति व्यवस्था सामान्य है। उन्होंने कहा कि सीएमओ की ओर से जांच के लिए टीम गठित की गई है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

अस्पताल को लेकर पहले भी कार्रवाई और दोबारा खुलने से जुड़े आरोपों की भी जांच किए जाने की बात पुलिस ने कही है।

जांच के बाद अस्पताल सील

मामले की गंभीरता को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग की टीम ने भी अस्पताल का निरीक्षण किया। एसीएमओ के मुताबिक, प्रथम दृष्टया अस्पताल में कुछ लापरवाही होने का अंदेशा सामने आया है। टीम ने डिलीवरी से संबंधित जरूरी व्यवस्थाओं की भी जांच की।

जांच के दौरान अस्पताल में मरीजों को भर्ती करने की स्थिति भी नहीं पाई गई। मौके पर मौजूद कुछ मरीजों को बेहतर उपचार के लिए जिला अस्पताल रेफर किया गया। इसके बाद स्वास्थ्य विभाग की टीम ने इंडियन हॉस्पिटल को सील कर दिया।

आधी रात हनुमान मंदिर में कौन घुसा? हमीरपुर की इस शर्मनाक वारदात ने ग्रामीणों के उड़ाए होश!

पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार

फिलहाल महिला की मौत के मामले में पुलिस और स्वास्थ्य विभाग की जांच जारी है। अधिकारियों के मुताबिक, पोस्टमार्टम रिपोर्ट, मेडिकल दस्तावेज और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी।

वहीं, मृतका के परिजनों ने अस्पताल संचालक और स्टाफ के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। अब जांच में यह स्पष्ट होगा कि महिला की मौत के पीछे वास्तव में क्या परिस्थितियां थीं और जिम्मेदारी किसकी बनती है।

Location :  Muzaffarnagar

Published :  27 August 2026, 2:30 PM IST

Related News

Advertisement