
प्रतीकात्मक छवि (Image Source: Pinterest)
Gorakhpur: गोरखपुर के गोला थाना क्षेत्र में बुधवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे ने लोगों को दहला दिया। बांहपुर स्थित रामजानकी मार्ग पर तेज रफ्तार ट्रेलर को ओवरटेक करने की कोशिश के दौरान दो बाइकों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। हादसा इतना भीषण था कि दोनों बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं और सड़क पर चीख-पुकार मच गई। इस दुर्घटना में चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
जानकारी के मुताबिक भड़सड़ा नई बस्ती निवासी धीरज उम्र करीब 14 वर्ष और कवलजीत उम्र करीब 18 वर्ष एक बाइक से अपने घर लौट रहे थे। वहीं गोपालपुर निवासी समर जायसवाल उम्र करीब 17 वर्ष अपनी रिश्तेदार कैलाशी पत्नी रामनिवास निवासी पिड़हनी थाना बड़हलगंज को बाइक से उनके घर छोड़ने जा रहा था। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार इसी दौरान बड़हलगंज की तरफ जा रहे एक ट्रेलर को ओवरटेक करने की कोशिश में समर की बाइक ट्रेलर के काफी करीब पहुंच गई। अचानक संतुलन बिगड़ने से बाइक ट्रेलर की चपेट में आ गई और अनियंत्रित होकर सामने से आ रही दूसरी बाइक से जा टकराई।
गंगा को मिलेगा नया जीवन! गोरखपुर सहित 13 शहरों में तैयार हुई नदी प्रबंधन योजना, अब 97 शहरों पर नजर
दोनों बाइकों की टक्कर इतनी तेज थी कि उसकी आवाज आसपास के इलाकों तक सुनाई दी। हादसे के बाद सड़क पर मौजूद लोग मदद के लिए दौड़ पड़े। मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। हादसे में समर जायसवाल के चेहरे और जबड़े पर गंभीर चोटें आईं। वहीं दूसरी बाइक पर सवार धीरज और कवलजीत भी बुरी तरह घायल हो गए। बाइक पर पीछे बैठी कैलाशी को भी चोटें आई हैं।
सूचना मिलते ही गोला थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने घायलों को एंबुलेंस की मदद से सीएचसी गोला पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने सभी का इलाज शुरू किया। प्राथमिक उपचार के बाद समर जायसवाल, धीरज और कवलजीत की हालत गंभीर होने पर उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। वहीं कैलाशी का इलाज अभी सीएचसी में चल रहा है।
चिकित्सकों के मुताबिक तीनों घायल युवकों की स्थिति चिंताजनक बनी हुई है। हादसे की जानकारी मिलने के बाद परिजनों में भी हड़कंप मच गया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि हादसे के समय ट्रेलर की रफ्तार कितनी थी और किसकी लापरवाही से यह दुर्घटना हुई।
Location : Gorakhpur
Published : 25 June 2026, 3:45 PM IST