Crime Meeting में SP सख्त: गोकशी, पशु तस्करी और भ्रष्टाचार पर तत्काल कार्रवाई के निर्देश

महराजगंज पुलिस की मासिक अपराध गोष्ठी में एसपी शक्ति मोहन अवस्थी ने कानून-व्यवस्था, मोहर्रम सुरक्षा, गोकशी, पशु तस्करी और भ्रष्टाचार के मामलों पर सख्त रुख अपनाते हुए अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए।

Maharajganj: जनपद में कानून-व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने तथा आगामी त्योहारों और आयोजनों को शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न कराने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी ने बुधवार को रिजर्व पुलिस लाइन सभागार में मासिक अपराध गोष्ठी आयोजित कर पुलिस अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए। गोष्ठी में सभी क्षेत्राधिकारी, थाना प्रभारी और शाखा प्रभारी मौजूद रहे।

एसपी ने क्या कहा?

बैठक के दौरान एसपी ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि जनपद में कानून-व्यवस्था से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। अपराधियों, गोकशी करने वालों, पशु तस्करों और अवैध गतिविधियों में संलिप्त लोगों के खिलाफ कठोर कार्रवाई जारी रहेगी। उन्होंने कहा कि किसी भी थाना क्षेत्र में गोकशी या पशु तस्करी की सूचना मिलने पर संबंधित लोगों के विरुद्ध तत्काल प्रभाव से सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

आगामी मोहर्रम और अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस को लेकर भी विस्तृत समीक्षा की गई। एसपी ने निर्देश दिया कि मोहर्रम के दौरान सभी थाना प्रभारी पिछले दस वर्षों की घटनाओं का अध्ययन कर संवेदनशील स्थानों को चिह्नित करें और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाएं। उन्होंने कहा कि ताजिया जुलूस केवल परंपरागत मार्गों और निर्धारित समय के अनुसार ही निकाले जाएं। ताजियों की ऊंचाई और डीजे के उपयोग पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश भी दिए गए ताकि विद्युत तारों से दुर्घटना जैसी घटनाओं से बचा जा सके।

आवश्यक सुरक्षा उपाय सुनिश्चित करने का निर्देश

पुलिस अधीक्षक ने अधिकारियों को जुलूस मार्गों का भौतिक सत्यापन करने तथा विद्युत विभाग के साथ समन्वय स्थापित कर आवश्यक सुरक्षा उपाय सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। साथ ही किसी भी क्षेत्र में नई ताजिया स्थापित होने की सूचना मिलने पर उसका सत्यापन कर आवश्यक कार्रवाई करने को कहा गया।

किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी

अपराध समीक्षा के दौरान लंबित विवेचनाओं, ई-समन तामील और जन शिकायतों के निस्तारण की प्रगति की भी समीक्षा की गई। एसपी ने सभी विवेचकों को गुणवत्ता के साथ समयबद्ध तरीके से मामलों का निस्तारण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनता को न्याय दिलाने में किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।

दस साल तक देता रहा चकमा, आखिर दबोचा गया एक लाख का इनामी; हैरान कर देगी जेल से फरारी की कहानी

भ्रष्टाचार, अवैध वसूली मामलों पर सख्त रुख 

बैठक में पुलिस अधीक्षक ने भ्रष्टाचार, अवैध वसूली और धन उगाही के मामलों पर भी सख्त रुख अपनाया। उन्होंने साफ कहा कि किसी भी स्तर पर भ्रष्टाचार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और शिकायत सही पाए जाने पर संबंधित अधिकारी या कर्मचारी के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि थाना प्रभारियों की जिम्मेदारियां उनकी कार्यकुशलता और प्रदर्शन के आधार पर तय की जाएंगी।

इसके अलावा हिस्ट्रीशीटरों, जेल से रिहा अपराधियों और संवेदनशील मामलों पर विशेष निगरानी रखने, नियमित रूट मार्च करने तथा सांप्रदायिक सौहार्द बनाए रखने के लिए पुलिस अधिकारियों को सक्रिय रहने के निर्देश दिए गए।

दहेज नहीं मिला तो मारपीट, फिर ‘तीन तलाक’ का आरोप! इंसाफ की तलाश में सीओ कार्यालय पहुंची विवाहिता

गोष्ठी के अंत में एसपी शक्ति मोहन अवस्थी ने कहा कि जनपद में शांति, सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके लिए सभी अधिकारी पूरी जिम्मेदारी, सतर्कता और ईमानदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें।

Location :  Maharajganj

Published :  17 June 2026, 7:04 PM IST

Advertisement