
प्रतीकात्मक छवि (फोटो सोर्स- इंटरनेट)
Sonbhadra: उत्तर प्रदेश के सोनभद्र जिले से एक बेहद सनसनीखेज और रूह कंपा देने वाली वारदात सामने आई है। कोतवाली क्षेत्र के मुरता गांव में एक 24 वर्षीय युवक की बेरहमी से हत्या कर दी गई। हत्यारों ने क्रूरता की सारी हदें पार करते हुए न केवल युवक का सिर पत्थर से बुरी तरह कूंच दिया, बल्कि उसकी एक आंख भी फोड़ डाली। इतने से भी जब मन नहीं भरा, तो गला रेतकर उसकी जान ले ली और शव को नदी के पुल के नीचे फेंक दिया। इस दिल दहला देने वाली घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है और सनसनी फैल गई है।
घटना मंगलवार की शाम की है। कोतवाली क्षेत्र के मुरता गांव के पास स्थित ठेमा नदी पुल के नीचे से गुजर रहे कुछ राहगीरों की नजर अचानक नीचे पड़ी। पुल के नीचे खून से लथपथ एक लाश पड़ी हुई थी। शव की हालत इतनी भयावह थी कि देखने वालों के रोंगटे खड़े हो गए। ग्रामीणों ने तुरंत इस बात की सूचना स्थानीय पुलिस को दी। सूचना मिलते ही दुद्धी कोतवाली और म्योरपुर थाने की पुलिस भारी बल के साथ मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने जब घटनास्थल का मुआयना किया, तो वहां का मंजर खौफनाक था।
मारे गए युवक की पहचान महुअरिया गांव निवासी समर सिंह (26) के रूप में हुई। तफ्तीश के दौरान पुलिस को पुल के ऊपर से समर सिंह की मोटरसाइकिल बरामद हुई। वहीं, शव के ठीक पास में ही खून से सना एक टूटा हुआ चाकू भी पड़ा मिला। घटनास्थल के हालात बयां कर रहे थे कि कातिलों ने समर सिंह को संभलने का मौका नहीं दिया। बेरहमी से सिर को पत्थरों से कुचला गया, आंख पर वार कर उसे फोड़ा गया और फिर चाकू से गला रेतकर उसे मौत के घाट उतार दिया गया।
समर सिंह के भाइयों, जय सिंह और धर्मसिंह ने बताया कि मंगलवार को सुबह से ही घर में कच्चे मकान के निर्माण का कार्य चल रहा था। परिवार के सभी सदस्य इसी काम में हाथ बंटा रहे थे। दोपहर करीब 12:30 बजे समर बिना किसी को कुछ बताए चुपचाप घर से बाइक लेकर निकल गया। परिजनों को लगा कि वह किसी निजी काम से आसपास ही गया है, लेकिन शाम करीब 4:00 बजे पुलिस के जरिए उन्हें समर का शव मिलने की खौफनाक खबर मिली। इस सूचना के बाद से ही परिवार में कोहराम मच गया है।
इस दर्दनाक वारदात ने हंसते-खेलते परिवार को उजाड़ कर रख दिया है। परिजनों के मुताबिक, महज दो महीने पहले ही समर सिंह की शादी रासपहरी गांव में बड़े ही धूमधाम से हुई थी। अभी हाथों की मेहंदी का रंग भी नहीं छूटा था कि पत्नी का सुहाग उजड़ गया। रो-रोकर परिजनों का बुरा हाल है। भाइयों ने एक और चौंकाने वाला खुलासा करते हुए बताया कि करीब ५ साल पहले उनके पिता के साथ भी मारपीट की गई थी और उन्हें अधमरा कर नौडिहा गांव के जंगल में फेंक दिया गया था। उस वक्त इस पूरे मामले को लेकर एक पंचायत भी बुलाई गई थी।
Sonbhadra News: पति ने पूरी नहीं की जिद तो महिला ने उठाया ऐसा खौफनाक कदम.. हैरान कर देगी यह खबर
वारदात की सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को अपने कब्जे में ले लिया है और उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस टूटे हुए चाकू और बाइक को कब्जे में लेकर फिंगरप्रिंट व अन्य सबूत जुटाने की कोशिश कर रही है। पुरानी रंजिश समेत अन्य सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की छानबीन शुरू कर दी गई है।
Location : Sonbhadra
Published : 10 June 2026, 11:59 AM IST