सोनभद्र पुलिस ने अंतर्राज्यीय चोर गिरोह का किया पर्दाफाश, इस कार्रवाई के बाद मचा हड़कंप

सोनभद्र शक्तिनगर पुलिस ने खोखरी पुलिया के पास चोरी की टाटा इंडिका कार के साथ पांच अंतर्राज्यीय अपराधियों को गिरफ्तार किया। पूछताछ में चोरी की योजना का खुलासा हुआ और केस दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू।

Post Published By: सौम्या सिंह
Updated : 15 February 2026, 4:35 PM IST

Sonbhadra: सोनभद्र पुलिस ने एक अंतर्राज्यीय चोर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए पांच अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। शक्तिनगर पुलिस टीम ने चोरी की टाटा इंडिका कार (MP66C1609) के साथ आरोपियों को खोखरी पुलिया (रेलवे साइडिंग) के पास पकड़ा। यह कार्रवाई 14 फरवरी 2026 को हुई।

पुलिस अधीक्षक सोनभद्र अभिषेक वर्मा के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान में यह सफलता प्राप्त हुई। अपर पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) अनिल कुमार और क्षेत्राधिकारी पिपरी हर्ष पाण्डेय के पर्यवेक्षण में थानाध्यक्ष शक्तिनगर कमल नयन दूबे की टीम ने अभियुक्तों को गिरफ्तार किया।

Sonbhadra Police Action: परिवहन विभाग की सख्त कार्रवाई से हड़कंप, 13 वाहन सीज जाने कितने का कटा चालान

मामला दर्ज और धाराओं का विवरण

गिरफ्तार अभियुक्तों के खिलाफ थाना शक्तिनगर में मु.अ.सं. 25/2026 धारा 303(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया है। बरामदगी और साक्ष्य के आधार पर इसमें धारा 317(2) और 3(5) बीएनएस की बढ़ोतरी की गई है।

पुलिस ने बताया कि आरोपी घूम-फिर कर चोरी की घटनाओं को अंजाम देते हैं और पहले भी कई मामलों में जेल जा चुके हैं। पूछताछ में आरोपियों ने यह भी स्वीकार किया कि वे बार-बार चोरी के मामलों में शामिल रहे हैं और चोरी के नए-नए मौके तलाशते रहते हैं।

चोरी की घटना का खुलासा

अभियुक्तों ने पुलिस को बताया कि वे काम की तलाश में बैढ़न से शक्तिनगर आए थे। 13/14 फरवरी की रात उन्होंने शक्तिनगर बस स्टैंड से थोड़ी दूरी पर एक इंडिका कार (MP66C1609) खड़ी देखी। वहां कोई मौजूद नहीं था।

उन्होंने अपने पास रखी चाबी से कार का दरवाजा खोला, उसे स्टार्ट किया और तेजी से फरार हो गए। आरोपियों ने कहा कि वे अनपरा, सोनभद्र की ओर जा रहे थे, लेकिन रास्ते में कार का तेल खत्म होने वाला था। इसलिए वे चोरी की कार को एक सुनसान जगह पर रोककर दिनभर रुकने का निर्णय लिया।

अगली चोरी की योजना पर पुलिस की कार्रवाई

अभियुक्त दिनभर नई चोरी की योजना बनाने की सोच रहे थे। तभी पुलिस ने उन्हें पकड़ लिया। पूछताछ में पता चला कि आरोपी मौका देखकर चोरी की घटनाओं को अंजाम देते हैं और इस गिरोह की हरकतों का पैटर्न बेहद संगठित है।

Sonbhadra News: खाली मकान बना खतरे का कारण, ओबरा में आग लगने से इलाके में मची अफरा-तफरी

पुलिस ने बताया कि यह गिरोह अंतर्राज्यीय स्तर पर चोरी की घटनाओं में शामिल है और उनके खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने कहा कि ऐसे अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और जनता को सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सतर्कता बढ़ाई जाएगी।

Location : 
  • Sonbhadra

Published : 
  • 15 February 2026, 4:35 PM IST