
महिलाओं को जागरूक करने के लिए मिशन
Sonbhadra News: उत्तर प्रदेश के जनपद सोनभद्र में महिलाओं को जागरूक करने के लिए मिशन चलाए जा रहे हैं। मिशन शक्ति 5.0 (फेज-II) के अंतर्गत चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत गुरुद्वारा इंटरमीडिएट कॉलेज, चोपन में एक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व क्षेत्राधिकारी यातायात एवं सहायक नोडल अधिकारी मिशन शक्ति अभियान डॉ. चारु द्विवेदी द्वारा किया गया।
इस अवसर पर प्रभारी निरीक्षक चोपन अखिलेश कुमार मिश्रा, महिला कांस्टेबल प्राची शुक्ला एवं महिला कांस्टेबल शैलजा सिंह की सक्रिय उपस्थिति रही। कार्यक्रम में छात्राओं के साथ-साथ उनके अभिभावकों और शिक्षकों को भी आमंत्रित किया गया, ताकि व्यापक स्तर पर जागरूकता फैलायी जा सके। कार्यक्रम के दौरान महिला सशक्तिकरण, सुरक्षा एवं अधिकारों से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां साझा की गईं।
जानकारी के मुताबिक, छात्राओं को गुड टच और बैड टच के बारे में समझाया गया तथा आत्मरक्षा के उपायों की जानकारी दी गई। इसके साथ ही महिला उत्पीड़न से जुड़े कानूनी प्रावधानों पर भी विस्तार से चर्चा की गई। विशेष आकर्षण के रूप में एक लघु फिल्म का प्रदर्शन किया गया, जिसके माध्यम से छात्राओं को सरल और प्रभावी तरीके से सुरक्षा संबंधी संदेश दिए गए। फिल्म के जरिए साइबर अपराध, ऑनलाइन फ्रॉड, फर्जी कॉल और लिंक से बचने के उपायों के बारे में भी जागरूक किया गया।
पुलिस अधीक्षक सोनभद्र अभिषेक वर्मा के निर्देशन में पूरे जनपद में मिशन शक्ति 5.0 के तहत व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसके अंतर्गत विद्यालयों, महाविद्यालयों, कोचिंग संस्थानों और ग्रामीण क्षेत्रों में कार्यक्रम आयोजित कर महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षा के प्रति सजग किया जा रहा है। कार्यक्रम के अंत में छात्राओं को विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी गई और जरूरत पड़ने पर तुरंत सहायता लेने के लिए प्रेरित किया गया।
Location : Sonbhadra
Published : 16 April 2026, 2:21 PM IST
Topics : Latest News sonbhadra news UP News UP Police