हिंदी
सोनभद्र के करमा ब्लॉक में प्रस्तावित Industrial Corridor के लिए भूमि अधिग्रहण का किसानों ने विरोध शुरू कर दिया है। ग्रामीणों का कहना है कि उपजाऊ जमीन छिनने से आजीविका खत्म हो जाएगी। मुआवजा और पुनर्वास की मांग के साथ किसानों ने प्रशासन को चेतावनी दी है कि मांगें न मानी गईं तो आंदोलन होगा।
किसान यूनियन ने भी जताई कड़ी आपत्ति (Img: Dynamite News)
Sonbhadra: सोनभद्र जनपद के करमा विकास खंड अंतर्गत लोहरा, बट और तकिया मु० दरगाह गांव में प्रस्तावित औद्योगिक गलियारे के लिए भूमि अधिग्रहण को लेकर ग्रामीणों में भारी नाराजगी देखने को मिल रही है। किसानों और ग्रामीणों ने सामूहिक रूप से जिलाधिकारी को प्रार्थना पत्र सौंपकर अधिग्रहण प्रक्रिया को तत्काल रोकने की मांग की है।
डाइनामाइट न्यूज़ संवाददाता के अनुसार, ग्रामीणों का कहना है कि बिना स्पष्ट जानकारी और सहमति के भूमि अधिग्रहण की तैयारी की जा रही है, जिससे लोगों में भय और असमंजस का माहौल बना हुआ है।
ग्रामीणों के अनुसार अधिग्रहण के लिए चिन्हित भूमि पूरी तरह उपजाऊ और सिंचित है। इस जमीन पर धान, गेहूं और विभिन्न सब्जियों की खेती की जाती है, जो क्षेत्र के हजारों परिवारों की आजीविका का मुख्य साधन है। किसानों का कहना है कि यदि यह जमीन अधिग्रहित कर ली गई तो वे पूरी तरह बेरोजगार हो जाएंगे और उनके सामने जीवन यापन का गंभीर संकट खड़ा हो जाएगा।
इस मुद्दे पर किसान यूनियन पूर्वांचल के जिला अध्यक्ष राकेश कुमार भारती ने किसानों का समर्थन करते हुए प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जाहिर की। उन्होंने कहा कि किसानों की मेहनत से तैयार की गई उपजाऊ जमीन को किसी भी निजी या पूंजीपति कंपनी को नहीं सौंपा जाना चाहिए। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि अगर विकास के नाम पर जमीन ली जाती है तो किसानों को उचित मुआवजा और पुनर्वास की स्पष्ट नीति लागू की जाए, अन्यथा जबरन अधिग्रहण किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं किया जाएगा।
UPTET 2026: 50 हजार अभ्यर्थियों को बड़ी राहत, UPESSC के 3 बड़े बदलाव से परीक्षा का रास्ता साफ
ग्रामीणों का आरोप है कि प्रशासन की ओर से इस परियोजना को लेकर कोई स्पष्ट जानकारी साझा नहीं की जा रही है। ग्राम सभा तकिया के प्रतिनिधियों ने बताया कि जिलाधिकारी से संपर्क करने के बावजूद परियोजना से जुड़ी ठोस जानकारी नहीं मिल रही है। इससे ग्रामीणों में भ्रम और चिंता की स्थिति बनी हुई है। वहीं, क्षेत्र में किसी बड़े औद्योगिक समूह के निवेश की चर्चा भी तेज है, हालांकि प्रशासन ने अब तक इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।