24 घंटे… 3 कत्ल… और फिर एनकाउंटर! चंदौली का ‘साइको किलर’ आखिर कैसे बना पूरे यूपी में दहशत का नाम?

चंदौली में 24 घंटे के भीतर हुई तीन हत्याओं ने पुलिस से लेकर आम लोगों तक को हिला दिया। ट्रेन, अस्पताल और फिर देर रात एनकाउंटर… पूरा घटनाक्रम किसी क्राइम थ्रिलर से कम नहीं लग रहा। आरोपी आखिर कौन था, क्यों लगातार पहचान बदल रहा था?

Post Published By: Nidhi Kushwaha
Updated : 14 May 2026, 3:38 PM IST
google-preferred

Chandauli: उत्तर प्रदेश के चंदौली जिले में पिछले 24 घंटों के दौरान हुई तीन सनसनीखेज हत्याओं ने पूरे इलाके को दहला दिया। लोगों के बीच दहशत उस वक्त और बढ़ गई, जब यह सामने आया कि तीनों वारदातों के पीछे एक ही व्यक्ति था। पुलिस ने आरोपी गुरप्रीत सिंह को मुठभेड़ में मार गिराया है। बताया जा रहा है कि आरोपी ने ट्रेन में दो यात्रियों और अस्पताल में भर्ती एक महिला को गोली मारकर मौत के घाट उतार दिया था।

सीन रिक्रिएशन के दौरान भागने की कोशिश

पुलिस के अनुसार आरोपी गुरप्रीत सिंह को घटनास्थलों पर सीन रिक्रिएशन के लिए दरियापुर इलाके में ले जाया गया था। इसी दौरान उसने पुलिसकर्मियों पर फायरिंग करते हुए भागने की कोशिश की। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी गोली चलाई, जिसमें गुरप्रीत गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

इस मुठभेड़ में एक चौकी इंचार्ज समेत दो पुलिसकर्मी भी घायल हुए हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी बेहद शातिर और मानसिक रूप से अस्थिर प्रतीत हो रहा था, जिसके कारण वह लगातार हिंसक वारदातों को अंजाम दे रहा था।

राजस्थान में पानी मांगने आए थे यमराज: बदमाशों ने मशीन चलाकर वृद्धा से लूटे गहने, इलाके में दहशत

24 घंटे में तीन हत्याओं से फैली सनसनी

जानकारी के मुताबिक गुरप्रीत सिंह ने अलग-अलग स्थानों पर तीन लोगों को बेहद करीब से गोली मारकर हत्या की थी। उसकी वारदातों का तरीका इतना खौफनाक था कि लोग उसे ‘साइको किलर’ कहने लगे थे। पहली दो घटनाएं ट्रेनों में हुईं, जहां आरोपी ने यात्रियों को निशाना बनाया। इसके बाद उसने अस्पताल में घुसकर एक महिला की गोली मारकर हत्या कर दी। लगातार हो रही इन घटनाओं ने पुलिस महकमे को अलर्ट मोड पर ला दिया था।

ग्रामीणों की सतर्कता के चलते आरोपी को पकड़ लिया गया था, जिसके बाद पुलिस उससे पूछताछ कर रही थी।

पहचान बदलकर घूम रहा था आरोपी

पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी अमृतसर का रहने वाला था और पहले सेना में भी काम कर चुका था। उसने साल 2021 में आर्मी की नौकरी छोड़ दी थी। उसके पास से दो लाइसेंसी हथियार भी बरामद हुए थे। बताया जा रहा है कि आरोपी लगातार अपनी पहचान बदल रहा था। कभी वह खुद को विजेंद्र बताता था तो कभी अलग-अलग शहरों का निवासी बताकर लोगों को भ्रमित करता था। अस्पताल में उसने अपना पता अंबाला बताया था।

सूत्रों के मुताबिक आरोपी शराब पीने का आदी था और मानसिक तनाव में भी रहता था। पुलिस अब उसके पुराने रिकॉर्ड और गतिविधियों की गहराई से जांच कर रही है।

Kolhui Cyber Fraud: जिसे दोस्त समझा, वही निकला धोखेबाज… 25 हजार की कहानी ने मचाया हड़कंप

इलाके में बढ़ाई गई सुरक्षा

तीन हत्याओं और एनकाउंटर के बाद पूरे इलाके में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। रेलवे स्टेशन, अस्पताल और सार्वजनिक स्थानों पर पुलिस की निगरानी बढ़ा दी गई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि आरोपी ने इतनी बड़ी वारदातों को क्यों अंजाम दिया।

Location :  Chandauli

Published :  14 May 2026, 3:38 PM IST

Advertisement