
ओवरलोड ट्रकों का कहर
Sonbhadra: उत्तर प्रदेश के सोनभद्र जिले के शक्तिनगर थाना क्षेत्र में बीती रात एक दर्दनाक हादसा सामने आया, जिसने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। ओवरलोड कोयला लदे ट्रक से गिरा एक भारी भरकम टुकड़ा पीछे चल रहे बाइक सवार युवकों पर गिर गया। इस हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया।
यह घटना एनसीएल खड़िया और दूधीचुआ के बीच रेलवे क्रॉसिंग पार करते समय हुई। बताया जा रहा है कि ट्रक ओवरलोड था और उसमें लदा कोयला असंतुलित होकर नीचे गिर गया। उसी दौरान पीछे चल रहे दो युवक इसकी चपेट में आ गए। टक्कर इतनी भयानक थी कि एक युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि दूसरा घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत घायल युवक को उठाकर अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका इलाज चल रहा है। मृतक के परिजनों को जैसे ही घटना की जानकारी मिली, घर में मातम छा गया और उनका रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
Sonbhadra News: गैस सिलेन्डरों की जमाखोरी की शिकायत का जिलाधिकारी ने लिया सज्ञान, पढ़ें पूरी खबर
घटना से नाराज ग्रामीणों ने रेलवे क्रॉसिंग के पास शव रखकर जाम लगा दिया। लोगों ने कई घंटों तक प्रदर्शन किया और प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। उनका आरोप है कि क्षेत्र में लगातार ओवरलोड कोयला और राखड़ लदे वाहन चल रहे हैं, जिससे आए दिन ऐसे हादसे हो रहे हैं।
सोनभद्र में ओवरलोड ट्रक से गिरा कोयला का भारी टुकड़ा, हादसे में बाइक सवार युवक की मौत, दूसरा घायल, गुस्साए ग्रामीणों ने लगाया जाम, कार्रवाई की मांग#Sonbhadra #AccidentNews #BreakingNews #RoadAccident #TruckAccident @Uppolice pic.twitter.com/46bJ86cjo7
— डाइनामाइट न्यूज़ हिंदी (@DNHindi) March 21, 2026
ग्राम प्रधान हीरालाल ने प्रशासन पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि ट्रकों से गिरने वाले कोयले के बड़े टुकड़े लोगों के लिए जानलेवा साबित हो रहे हैं, लेकिन इस पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं की जा रही है। वहीं मृतक के भाई ने भी बताया कि उसका भाई बाजार से लौट रहा था, तभी यह हादसा हुआ। उन्होंने दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
सूचना मिलते ही शक्तिनगर पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाकर जाम हटवाया। इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी है।
इस हादसे ने एक बार फिर ओवरलोड वाहनों के खतरे को उजागर कर दिया है। सवाल यह है कि आखिर कब तक प्रशासन ऐसे वाहनों पर सख्ती करेगा और लोगों की जान बचाने के लिए ठोस कदम उठाएगा। अगर समय रहते कार्रवाई नहीं हुई, तो ऐसे हादसे आगे भी होते रहेंगे।
Location : Sonbhadra
Published : 21 March 2026, 9:45 AM IST