श्रद्धा का केंद्र सिसई घाट, विस्तार की मांग तेज-प्रशासन से लगाई गुहार

बलरामपुर के सिसई घाट पर आगामी धार्मिक आयोजनों और मूर्ति विसर्जन के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा व सुविधा के मद्देनजर, केंद्रीय दुर्गा पूजा समिति और गणपति पूजन समिति ने प्रशासन से घाट के विस्तार व सौंदर्यीकरण की मांग की है।

Updated : 13 May 2026, 6:31 PM IST
Balrampur: उत्तर प्रदेश के बलरामपुर जनपद के ऐतिहासिक सिसई घाट पर आगामी धार्मिक उत्सवों और प्रतिमा विसर्जन के मद्देनजर प्रशासनिक स्तर पर मुकम्मल इंतजाम करने की मांग ने जोर पकड़ लिया है।
इस पावन स्थल की महत्ता और श्रद्धालुओं की भारी आमद को देखते हुए केंद्रीय दुर्गा पूजा समिति और गणपति पूजन समिति के पदाधिकारियों ने जिलाधिकारी से मुलाकात की। समिति के सदस्यों ने विसर्जन स्थल का दायरा बढ़ाने और वहां नागरिक सुविधाएं बेहतर करने के लिए एक मांग पत्र सौंपा।
400 से ज्यादा प्रतिमाओं का विसर्जन
प्रतिनिधिमंडल ने प्रशासनिक अधिकारियों को अवगत कराया कि सिसई घाट न केवल शहर बल्कि ग्रामीण अंचलों की आस्था का भी एक बड़ा केंद्र है, जहां हर साल लगभग 400 से ज्यादा प्रतिमाओं का विसर्जन पारंपरिक और शांतिपूर्ण तरीके से किया जाता है। वर्तमान में इस घाट पर सुंदरीकरण का काम चल रहा है, जिसके कारण विसर्जन के लिए तय मुख्य जगह काफी संकरी हो गई है।
पूजा समितियों ने चिंता व्यक्त की है कि यदि समय रहते कदम नहीं उठाए गए, तो आगामी त्योहारों पर यहां अत्यधिक भीड़ के चलते अव्यवस्था और लंबे जाम की स्थिति बन सकती है। श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुगमता को ध्यान में रखकर विसर्जन रूट को चौड़ा करने और घाट की जमीन का समतलीकरण कराने की आवश्यकता जताई गई है।
इस दौरान उपस्थित सभी प्रबुद्ध नागरिकों ने प्रशासन से त्योहारों को सुरक्षित और शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए तुरंत जरूरी कदम उठाने का आग्रह किया। मांग पत्र सौंपने के दौरान नगर पालिका परिषद के अध्यक्ष डॉ. धीरेंद्र प्रताप सिंह धीरू और अविनाश मिश्र सहित क्षेत्र के कई अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे। सभी ने एक सुर में कहा कि आम जनता की सहूलियत और सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए सिसई घाट की कमियों को समय से दूर किया जाना चाहिए।

Location :  Balrampur

Published :  13 May 2026, 6:31 PM IST