सलमान खान को धमकी, अतीक से कथित नाता और अब गिरफ्तारी; कौन है शेरा?

सलमान खान को धमकी देकर चर्चा में आया प्रयागराज का हिस्ट्रीशीटर शाहरुख उर्फ शेरा लखनऊ में चेन स्नैचिंग के मामले में गिरफ्तार हुआ है। शेरा का नाम पहले अंडरवर्ल्ड और माफिया अतीक अहमद से जुड़े विवादों में भी सामने आ चुका है।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 30 May 2026, 2:21 PM IST

Lucknow : बॉलीवुड अभिनेता सलमान खान को जान से मारने की धमकी देकर सुर्खियों में आया प्रयागराज का कुख्यात अपराधी शाहरुख उर्फ शेरा एक बार फिर पुलिस के शिकंजे में है। इस बार उसे लखनऊ में महिला से चेन लूटने के मामले में गिरफ्तार किया गया है।

लखनऊ में चेन लूट के बाद गिरफ्तारी

पुलिस के मुताबिक 6 मई को लखनऊ के गाजीपुर थाना क्षेत्र में बाइक सवार बदमाशों ने एक महिला के गले से सोने की चेन झपट ली थी। मामले में मुकदमा दर्ज कर पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही थी। 28 मई को बंधा रोड स्थित मजार के पास वाहन चेकिंग के दौरान बिना नंबर प्लेट की बाइक पर सवार एक युवक पुलिस को देखकर भागने लगा, लेकिन घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया गया।

पूछताछ में उसकी पहचान प्रयागराज के हिस्ट्रीशीटर शाहरुख उर्फ शेरा के रूप में हुई। तलाशी के दौरान उसके पास से लूटी गई चेन का हिस्सा, 8 हजार रुपए नकद और वारदात में इस्तेमाल बाइक बरामद की गई।

सलमान खान को धमकी देकर आया था चर्चा में

शेरा पहली बार राष्ट्रीय स्तर पर तब चर्चा में आया था, जब उसने वर्ष 2018 में अभिनेता सलमान खान और उनके निजी सहायक को फोन कर जान से मारने की धमकी दी थी। उसने खुद को अंडरवर्ल्ड डॉन छोटा शकील का करीबी बताते हुए कई धमकी भरे कॉल किए थे।

मामला सामने आने के बाद मुंबई क्राइम ब्रांच और प्रयागराज पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार किया था। उस समय भी शेरा का नाम देशभर में चर्चा का विषय बना था।

वायरल ऑडियो में सामने आया था अतीक कनेक्शन

साल 2023 में शेरा एक बार फिर सुर्खियों में आया, जब उसका एक कथित ऑडियो और तस्वीर सोशल मीडिया पर वायरल हुई। वायरल ऑडियो में वह खुद को छोटा शकील का आदमी बताते हुए माफिया अतीक अहमद के लिए जान देने और जान लेने की बात करता सुनाई दिया था।

इसके बाद शेरा का नाम अतीक गैंग से जुड़े चर्चित चेहरों में भी जोड़ा जाने लगा। हालांकि पुलिस लगातार उसके आपराधिक नेटवर्क और गतिविधियों की जांच करती रही है।

UP News Live: लखनऊ में बच्ची से दरिंदगी, बरेली में महिला का अपहरण और रेप, देवरिया में फायरिंग; पढ़ें यूपी की सभी खबरें

24 मुकदमे, गैंगस्टर से लेकर रंगदारी तक के आरोप

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार शेरा के खिलाफ प्रयागराज के कई थानों में हत्या के प्रयास, रंगदारी, लूट, गैंगस्टर एक्ट, आर्म्स एक्ट और विस्फोटक पदार्थ अधिनियम के तहत करीब 24 मुकदमे दर्ज हैं। वर्ष 2009 से लेकर अब तक वह लगातार आपराधिक गतिविधियों में शामिल रहा है।

फरार साथी की तलाश जारी

पुलिस के अनुसार इस चेन स्नैचिंग मामले में शेरा का साथी आरिफ भी शामिल था, जो फिलहाल फरार है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमों को लगाया गया है। साथ ही शेरा से पूछताछ कर उसके अन्य आपराधिक कनेक्शनों की भी जानकारी जुटाई जा रही है।

Location :  Lucknow

Published :  30 May 2026, 2:21 PM IST