हिंदी
वारदात के बाद मौके पर उमड़ी भीड़ (Image: Social Media)
Meerut News: घर से निकली 65 वर्षीय महिला कुछ देर बाद सड़क किनारे मृत मिली। महिला का चेहरा बुरी तरह कुचला हुआ था और शव के पास खून से सनी ईंट पड़ी थी। रविवार को मेरठ के हस्तिनापुर थाना क्षेत्र के गणेशपुर में हुई इस वारदात से इलाके में सनसनी फैल गई। महिला की हत्या की आशंका जताई जा रही है। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और कार्रवाई की मांग को लेकर हंगामा शुरू कर दिया।
मृतका की पहचान गणेशपुर निवासी विमला पत्नी सुरेश के रूप में हुई है। परिजनों के मुताबिक, विमला रविवार सुबह करीब 5 बजे घर से खेत जाने के लिए निकली थीं। इसके बाद वह वापस घर नहीं लौटीं। कुछ समय बाद ग्रामीणों से परिजनों को सड़क किनारे महिला का शव मिलने की जानकारी मिली। परिवार के लोग मौके पर पहुंचे तो विमला का शव देखकर उनके होश उड़ गए। महिला के चेहरे पर गंभीर चोट के निशान थे।
ग्रामीणों ने बिजनौर-मवाना मार्ग पर सड़क किनारे बनी पुरानी दुकानों के पास विमला का शव देखा था। यह स्थान गांव से करीब एक किलोमीटर दूर बताया जा रहा है। सूचना मिलने के बाद हस्तिनापुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव की पहचान कराने के बाद परिजनों को सूचना दी और घटनास्थल की जांच शुरू की। मौके से पुलिस ने जरूरी साक्ष्य जुटाने शुरू कर दिए हैं।
घटनास्थल पर शव के पास खून से सनी ईंट मिलने से मामला और गंभीर हो गया है। महिला के चेहरे पर भी चोट के निशान मिले हैं। हालांकि, महिला के चेहरे पर ईंट से हमला किया गया था या चोट किसी अन्य तरीके से लगी, इसकी पुष्टि अभी नहीं हुई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। रिपोर्ट आने के बाद महिला की मौत की वजह और चोटों की प्रकृति के बारे में स्थिति और स्पष्ट हो सकेगी।
विमला की मौत की खबर मिलते ही परिजनों और ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। परिजनों ने महिला की हत्या का आरोप लगाते हुए आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और गिरफ्तारी की मांग की। उन्होंने कार्रवाई होने तक शव नहीं ले जाने की बात कही। पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर परिजनों को समझाने का प्रयास किया और जांच के बाद उचित कार्रवाई का भरोसा दिया। काफी समझाने के बाद पुलिस शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज सकी।
मवाना सीओ पंकज लवानिया ने बताया कि महिला का शव मिला है और परिजनों को घटना की जानकारी दे दी गई है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि विमला की मौत किन परिस्थितियों में हुई और वह घर से खेत जाने के बाद सड़क किनारे कैसे पहुंचीं।
Location : Meerut
Published : 13 September 2026, 5:27 PM IST
Topics : crime news meerut news meerut police Murder Case