कुशीनगर में स्कूल के पास झाड़ियों में आग लगाने से उठे जहरीले धुएं की चपेट में आकर 26 बच्चे बीमार पड़ गए। 11 बच्चों को जिला अस्पताल रेफर किया गया है, जबकि प्रशासन ने जांच शुरू कर दी है।

धुएं की चपेट में आए 26 बच्चे (IMG: Dynamite News)
Kushinagar: कभी-कभी एक छोटी सी लापरवाही ऐसा खौफनाक मंजर पैदा कर देती है, जिसकी किसी ने कल्पना भी नहीं की होती। कुशीनगर में कुछ ऐसा ही हुआ, जब झाड़ियों में लगाई गई आग ने देखते ही देखते जहरीले धुएं का रूप ले लिया और एक स्कूल के अंदर मौजूद मासूम बच्चों की सांसों पर हमला कर दिया। चीख-पुकार, घबराहट और अफरा-तफरी के बीच 26 बच्चे बीमार पड़ गए।
एक स्कूल उस वक्त दहशत का केंद्र बन गया, जब अचानक जहरीला धुआं पूरे परिसर में फैल गया। इस घटना में 26 बच्चे बीमार पड़ गए। बच्चों को सांस लेने में दिक्कत, घबराहट और बेचैनी की शिकायत होने लगी। हालात बिगड़ते देख स्कूल प्रशासन ने तुरंत सभी बच्चों को अस्पताल पहुंचाया।
जानकारी के मुताबिक, स्कूल के पास खरपतवार और झाड़ियों को साफ करने के लिए आग लगाई गई थी। लेकिन यह आग जल्द ही नियंत्रण से बाहर हो गई और उससे उठने वाला घना धुआं स्कूल की तरफ फैल गया।
बीमार बच्चों को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सेवरही में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार शुरू किया। डॉक्टरों ने बताया कि 11 बच्चों की हालत को देखते हुए उन्हें जिला अस्पताल रेफर किया गया, जबकि बाकी बच्चों को इलाज के बाद छुट्टी दे दी गई।
घटना की सूचना मिलते ही Tamkuhi Raj के एसडीएम मौके पर पहुंचे। इसके साथ ही जिलाधिकारी Mahendra Tanwar और पुलिस अधीक्षक भी घटनास्थल पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया। प्रशासन ने तेजी से कार्रवाई करते हुए स्थिति को नियंत्रण में किया और बच्चों के इलाज की व्यवस्था सुनिश्चित की।
होटल के सपने दिखाकर ‘करोड़ों का खेल’! बरेली में फ्रेंचाइजी के नाम पर लाखों की ठगी; पढ़ें पूरी खबर
डीएम महेंद्र तंवर के मुताबिक, झाड़ियों में आग लगाने से उठे धुएं के कारण यह घटना हुई। अधिकांश बच्चों की हालत अब सामान्य है और उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है। हालांकि, कुछ बच्चों को एहतियात के तौर पर जिला मेडिकल कॉलेज में निगरानी में रखा गया है।