एक ही नाम, एक ही कोड, एक ही तैनाती… फिर ट्रांसफर लिस्ट में दो बार कैसे? स्वास्थ्य विभाग में मचा हड़कंप

उत्तर प्रदेश स्वास्थ्य विभाग की एक्स-रे टेक्निशियन तबादला सूची जारी होने के बाद नया विवाद खड़ा हो गया है। 38 कर्मचारियों की सूची में एक ही नाम दो बार दर्ज होने से भर्ती प्रक्रिया और पुराने नियुक्ति घोटाले को लेकर सवाल उठने लगे हैं। सोशल मीडिया पर सूची वायरल होने के बाद विभागीय जांच शुरू कर दी गई है।

Post Published By: Asmita Patel
Updated : 2 June 2026, 4:24 PM IST
google-preferred

Lucknow: उत्तर प्रदेश स्वास्थ्य विभाग में एक्स-रे टेक्निशियनों की तबादला सूची जारी होते ही नया विवाद सामने आ गया है। महज 38 कर्मचारियों की सूची में एक ही नाम दो अलग-अलग क्रमांक पर दर्ज होने से विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे हैं। मामला इसलिए भी गंभीर माना जा रहा है क्योंकि स्वास्थ्य विभाग पहले से ही एक ही नाम पर दो-दो नियुक्तियों के आरोपों और भर्ती घोटाले की जांच को लेकर चर्चा में रहा है। ऐसे में ट्रांसफर लिस्ट में सामने आई यह गड़बड़ी अब नए विवाद का कारण बन गई है।

सूची में दो बार दिखा एक ही नाम

स्वास्थ्य विभाग की ओर से सोमवार को 38 एक्स-रे टेक्निशियनों के तबादले की सूची जारी की गई। सूची सामने आते ही कर्मचारियों और विभागीय हलकों में चर्चा शुरू हो गई। आरोप है कि सूची में छठे और 32वें क्रमांक पर एक ही नाम दर्ज किया गया है। सिर्फ नाम ही नहीं बल्कि मानव सम्पदा कोड और तैनाती स्थल भी एक समान बताए जा रहे हैं। इसके बाद सवाल उठने लगे कि आखिर यह सामान्य टाइपिंग की गलती है या फिर इसके पीछे कोई बड़ी चूक छिपी हुई है।

उत्तर प्रदेश राज्यकर विभाग की ट्रांसफर-पोस्टिंग की बढ़ाई गई समय सीमा, अब 15 जून तक होगी प्रक्रिया

पुराने भर्ती विवाद से जोड़ा जा रहा मामला

इस मामले को स्वास्थ्य विभाग के पुराने भर्ती विवाद से जोड़कर भी देखा जा रहा है। विभाग में वर्ष 2008 और 2016 के दौरान एक ही नाम पर दो अलग-अलग लोगों को नियुक्ति पत्र जारी किए जाने का मामला सामने आया था। उस प्रकरण की जांच अभी भी पूरी तरह समाप्त नहीं हुई है। ऐसे में तबादला सूची में एक ही नाम दो बार आने से लोगों के मन में नए संदेह पैदा हो गए हैं।

सोशल मीडिया पर वायरल हुई सूची

तबादला सूची सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है। लोग सवाल उठा रहे हैं कि जब सूची में केवल 38 कर्मचारियों के नाम थे, तो उसे तैयार करने और जांचने वाले अधिकारियों की नजर इस गड़बड़ी पर क्यों नहीं पड़ी।

हरियाणा में अफसरों के तबादलों का राउंड 2: दो दिनों में दूसरा बड़ा फेरबदल, 21 अधिकारियों के ट्रांसफर, देखें पूरी लिस्ट

महानिदेशक ने साधी चुप्पी

विवाद बढ़ने के बाद स्वास्थ्य विभाग के महानिदेशक डॉ. पवन कुमार की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। बताया जा रहा है कि इस मुद्दे पर फिलहाल विभाग खुलकर कुछ भी बोलने से बच रहा है।

जांच के बाद सामने आएगी सच्चाई

फिलहाल सबसे बड़ा सवाल यही है कि सूची में एक ही नाम का दो बार दर्ज होना महज टाइपिंग मिस्टेक है या फिर रिकॉर्ड में कोई बड़ी गड़बड़ी है। विभागीय जांच के बाद ही इसकी वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो पाएगी। यदि यह सिर्फ तकनीकी गलती साबित होती है तो विभाग को सूची में संशोधन करना होगा, लेकिन यदि मामला रिकॉर्ड या नियुक्ति संबंधी किसी अनियमितता से जुड़ा निकला तो जांच का दायरा और बढ़ सकता है।

Location :  Lucknow

Published :  2 June 2026, 4:24 PM IST

Advertisement