लाखों छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ होने पर ग्रेटर नोएडा की सड़क पर उतरीं समाजवादी फौज, कहा- भाजपा सरकार निकम्मी है

दादरी में समाजवादी छात्र सभा का जोरदार प्रदर्शन देखने को मिला, जहां NEET UG पेपर लीक, महंगाई और बिजली कटौती को लेकर कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। प्रदर्शनकारियों ने सरकार पर छात्रों के भविष्य से खिलवाड़ करने और जनता की समस्याओं की अनदेखी करने का आरोप लगाया और आंदोलन तेज करने की चेतावनी दी।

Post Published By: Nitin Parashar
Updated : 19 May 2026, 9:31 PM IST
google-preferred

Noida : दादरी शहर में मंगलवार को उस वक्त माहौल गरमा गया, जब समाजवादी छात्र सभा के कार्यकर्ता सड़कों पर उतर आए। हाथों में तख्तियां, सरकार विरोधी नारे और छात्रों के भविष्य को लेकर गुस्से से भरे कार्यकर्ताओं ने जोरदार धरना-प्रदर्शन किया। NEET UG पेपर लीक, पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों और दादरी की बदहाल बिजली व्यवस्था को लेकर प्रदर्शनकारियों ने सरकार और प्रशासन पर जमकर हमला बोला। प्रदर्शन के दौरान कई बार माहौल इतना गर्म हो गया कि मौके पर मौजूद लोगों की भारी भीड़ जुट गई।

छात्रों के भविष्य से खिलवाड़ का आरोप

समाजवादी छात्र सभा के जिला अध्यक्ष मोहित नागर ने कहा कि NEET UG पेपर लीक मामला देश के लाखों मेहनती छात्रों के भविष्य के साथ सीधा धोखा है। उन्होंने कहा कि छात्र दिन-रात मेहनत करते हैं लेकिन पेपर लीक जैसी घटनाएं उनकी मेहनत और भरोसे को तोड़ देती हैं। मोहित नागर ने आरोप लगाया कि सरकार परीक्षा प्रणाली को सुरक्षित रखने में पूरी तरह विफल साबित हुई है। उन्होंने कहा कि समाजवादी छात्र सभा छात्रों की आवाज को दबने नहीं देगी और उनके अधिकारों के लिए लगातार संघर्ष जारी रहेगा।

महंगाई और ईंधन कीमतों पर सरकार को घेरा

धरने के दौरान पेट्रोल और डीजल की लगातार बढ़ती कीमतों को लेकर भी कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। मोहित नागर ने कहा कि महंगाई ने आम आदमी की कमर तोड़ दी है। किसान, मजदूर, नौकरीपेशा और मध्यम वर्ग हर दिन आर्थिक दबाव झेल रहा है। उन्होंने कहा कि रोजमर्रा की जरूरतों का खर्च लगातार बढ़ता जा रहा है, लेकिन सरकार जनता की परेशानियों को नजरअंदाज कर रही है।

बिजली कटौती से परेशान दादरी की जनता

भीषण गर्मी के बीच दादरी शहर में लगातार हो रही बिजली कटौती और खराब बिजली आपूर्ति को लेकर भी प्रदर्शनकारियों ने नाराजगी जताई। कार्यकर्ताओं का कहना था कि कई इलाकों में घंटों बिजली गुल रहती है। जिससे लोगों का जीना मुश्किल हो गया है। गर्मी में बच्चे, बुजुर्ग और व्यापारी सबसे ज्यादा परेशान हैं, लेकिन प्रशासन समस्या का स्थायी समाधान निकालने में नाकाम साबित हो रहा है।

आंदोलन तेज करने की चेतावनी

समाजवादी छात्र सभा ने साफ चेतावनी दी कि यदि जल्द समस्याओं का समाधान नहीं किया गया तो आंदोलन को और बड़ा रूप दिया जाएगा। प्रदर्शन में पार्टी के जिला अध्यक्ष सुधीर भाटी, पूर्व जिला अध्यक्ष इंद्र प्रधान, छात्र सभा प्रदेश सचिव प्रशांत भाटी, जिला उपाध्यक्ष कृष्ण रावल, प्रिंस भाटी, हारून सैफी, इमरान सैफी समेत कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Location :  Noida

Published :  19 May 2026, 5:05 PM IST

Related News

Advertisement