कलवारी से खलयारी तक प्रस्तावित स्टेट हाईवे को नगर के बीच से निकाले जाने के विरोध में समाजवादी पार्टी और व्यापारियों ने प्रदर्शन किया। सपा नेताओं ने भाजपा पर बाईपास के वादे से मुकरने का आरोप लगाते हुए बड़े आंदोलन की चेतावनी दी है।

सोनभद्र में समाजवादी पार्टी के नेताओं का हंगामा
Sonbhadra: नगर के बीच से गुजरने वाले प्रस्तावित स्टेट हाईवे को लेकर सियासत गरमा गई है। वादों और हकीकत के बीच फंसे व्यापारी सड़कों पर उतर आए हैं और समाजवादी पार्टी ने इस मुद्दे को लेकर खुला मोर्चा खोल दिया है। आरोप है कि बाईपास का भरोसा दिलाकर चुनाव जीते गए और अब स्टेट हाईवे को नगर के दिल से निकालने की तैयारी हो रही है। इसी के विरोध में शहर में जोरदार प्रदर्शन देखने को मिला।
स्टेट हाईवे के मार्ग को लेकर बढ़ा विरोध
कलवारी से खलयारी तक प्रस्तावित स्टेट हाईवे के मार्ग को लेकर नगर में लगातार विरोध प्रदर्शन हो रहे हैं। व्यापारियों और स्थानीय निवासियों का कहना है कि पहले यह भरोसा दिलाया गया था कि स्टेट हाईवे बाईपास के जरिए निकलेगा, जिससे शहर और बाजार सुरक्षित रहेंगे। अब मीडिया रिपोर्टों में यह सामने आ रहा है कि हाईवे नगर के बीच से गुजरेगा, जिससे लोगों में आक्रोश है।
नैनीताल में करने जा रहे हो New Year Party तो पढ़ लें ये खबर, सिर्फ इन 2 रास्तों से मिलेगी एंट्री
वादों से मुकर गई सरकार
प्रदर्शन कर रहे व्यापारियों का कहना है कि अगर हाईवे शहर के बीच से निकाला गया तो मुख्य बाजार पूरी तरह तबाह हो जाएगा। सैकड़ों दुकानदारों और मूल निवासियों को विस्थापन का सामना करना पड़ेगा। व्यापारियों का मानना है कि यह सिर्फ उनके साथ नहीं, बल्कि पूरे जिले के साथ धोखा होगा, क्योंकि यह बाजार आसपास के गांवों की भी आर्थिक रीढ़ है।
सपा कार्यकर्ता फारूक अली का अल्टीमेटम
समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता फारूक अली ने कहा कि यह शहर का मुख्य बाजार है और इसके टूटने से बड़े पैमाने पर नुकसान होगा। ग्रामीण इलाकों से आने वाले लोग भी इसी बाजार पर निर्भर हैं। उन्होंने साफ कहा कि सपा चाहती है कि स्टेट हाईवे बाईपास से ही निकले। अगर ऐसा नहीं हुआ तो बड़ा आंदोलन किया जाएगा और सभी प्रभावित व्यापारियों के साथ पार्टी सड़क पर उतरेगी।
दबंगों के सामने मैनपुरी कोर्ट भी कुछ नहीं! 100 साल पुराने जमीनी विवाद में अब पुलिस क्या लेगी एक्शन?
भाजपा पर वादाखिलाफी का आरोप
सपा जिला सचिव प्रमोद यादव ने व्यापारियों के समर्थन में कहा कि पहले स्टेट हाईवे को नगर के बाहर से निकालने की योजना थी, लेकिन अब घोरावल से खलयारी तक इसे नगर के बीच से ले जाने का प्रस्ताव लाया गया है। उन्होंने इसे व्यापारियों के भरोसे का कत्ल बताया। प्रमोद यादव ने आरोप लगाया कि भाजपा नेताओं ने ढोल-मंजीरा बजाकर बाईपास का वादा किया था और अब उसी वादे से मुकर रहे हैं।
‘विकास नहीं, विनाश का मॉडल’
प्रमोद यादव ने भाजपा पर व्यापारियों की पीठ में छुरा घोंपने का आरोप लगाते हुए कहा कि यह विकास नहीं, बल्कि विनाश का मॉडल है। उन्होंने चेतावनी दी कि जरूरत पड़ी तो सपा कार्यकर्ता बुलडोजर के आगे खड़े होकर भी आंदोलन करेंगे। साथ ही कहा कि 2027 में सपा की सरकार बनने पर इस परियोजना को हर हाल में रुकवाया जाएगा।