सहारनपुर में पुलिस और प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए यूपी गुंडा एक्ट के तहत 16 कुख्यात अपराधियों को छह माह के लिए जिलाबदर किया। DIG अभिषेक सिंह व SSP अभिनंदन सिंह के निर्देशन में जिलेभर में अपराधियों पर सख्ती जारी है।

यूपी गुंडा एक्ट में 16 अपराधी जिलाबदर
Saharanpur: जनपद सहारनपुर में कानून व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने और आम जनता की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से पुलिस प्रशासन द्वारा अपराधियों के खिलाफ लगातार सख्त कदम उठाए जा रहे हैं। इसी क्रम में पुलिस उपमहानिरीक्षक सहारनपुर परिक्षेत्र DIG अभिषेक सिंह के कड़े एक्शन और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अभिनंदन सिंह के दिशा-निर्देशन में एक और बड़ी कार्रवाई सामने आई है। अपर जिला मजिस्ट्रेट/अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) द्वारा धारा 3 यूपी गुंडा अधिनियम के तहत 16 कुख्यात अपराधियों को छह माह के लिए जनपद से जिलाबदर किया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह कार्रवाई कल देर शाम की गई। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि जिले में शांति व्यवस्था भंग करने, आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त रहने और लगातार कानून का उल्लंघन करने वाले अपराधियों के खिलाफ यह कठोर कदम उठाया गया है। जिलाबदर किए गए सभी अपराधियों को आगामी छह माह तक सहारनपुर जिले की सीमा से बाहर रहना होगा।
Saharanpur News: नगर निगम टीम और ढाबा संचालक पर पक्षपात का आरोप; गरीब परिवार ने किया विरोध
जिलाबदर किए गए अपराधी थाना सरसावा, थाना मण्डी, कोतवाली नगर, थाना कुतुबशेर, थाना देवबंद, थाना नकुड एवं थाना नानौता क्षेत्र से संबंधित हैं। इन अपराधियों पर विभिन्न आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं और इनके कारण संबंधित क्षेत्रों में लगातार भय और अशांति का माहौल बना हुआ था।
धारा 3 यूपी गुंडा अधिनियम के तहत जिन 16 अपराधियों को जिलाबदर किया गया है, उनमें जुबैर पुत्र अय्यूब निवासी ग्राम नासिरपुरा थाना सरसावा, राजा उर्फ राजकुमार पुत्र विक्रम निवासी गढ़ी मलूक नंबर-1 कोतवाली नगर, नावेद पुत्र रफीक निवासी पीर वाली गली नंबर-16 थाना मण्डी, तैय्यब पुत्र सलाम निवासी अमजद नगर मुफ्ती मुजफ्फर हुसैन कॉलोनी थाना मण्डी, रहमान पुत्र अब्दुल रहीम निवासी चांद कॉलोनी थाना मण्डी, आजम पुत्र अनवर निवासी पीर वाली गली थाना मण्डी शामिल हैं।
इसके अलावा अब्दुल वहाब पुत्र सत्तार निवासी नदीम कॉलोनी थाना कुतुबशेर, विकास उर्फ बादल पुत्र हरिश्चंद निवासी इन्द्रा कॉलोनी थाना कुतुबशेर, फैजान पुत्र इलियास निवासी मोहल्ला अबुलहक कस्बा देवबंद, आशीष पुत्र विश्वास निवासी ग्राम सिरसका थाना नकुड, गय्यूर पुत्र कय्यूम निवासी ग्राम सिरसका थाना नकुड, नावेद उर्फ सादा उर्फ कल्लू पुत्र कौशर निवासी ग्राम घाटमपुर थाना नकुड, परिक्षित पुत्र अरविंद निवासी रणदेवी थाना नकुड, अक्षय पुत्र कालाराम निवासी ग्राम सिरसका थाना नकुड, सलमान पुत्र सलीम निवासी मोहल्ला शेखजादगान कस्बा नानौता तथा नदीम पुत्र सलीम उर्फ धारा निवासी बुन्दूगढ थाना नानौता शामिल हैं।
प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया है कि जिलाबदर किए गए सभी अपराधी केवल माननीय न्यायालय में विचाराधीन मामलों की नियत तारीख पर ही सहारनपुर जिले की सीमा में प्रवेश कर सकेंगे। इसके अतिरिक्त किसी भी स्थिति में जिले में प्रवेश करने पर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
इस बड़ी कार्रवाई के बाद अपराधियों में हड़कंप मच गया है। प्रशासन का कहना है कि आगे भी अपराध और अपराधियों के खिलाफ इसी तरह सख्त अभियान जारी रहेगा।