Road Accident: गोरखपुर में दर्दनाक सड़क हादसा: तेज रफ्तार बोलेरो ने पिता-पुत्र को कुचला, मचा हड़कंप

जनपद के सहजनवा नगर पंचायत क्षेत्र में रविवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। रेलवे ओवरब्रिज के पास तेज रफ्तार से आ रही एक अज्ञात बोलेरो ने बाइक सवार पिता-पुत्र को सामने से जोरदार टक्कर मार दी। इस दर्दनाक हादसे में पिता की मौके पर ही मौत हो गई,पढिए पूरी खबर

Updated : 8 February 2026, 7:26 PM IST

गोरखपुर: जनपद के सहजनवा नगर पंचायत क्षेत्र में रविवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। रेलवे ओवरब्रिज के पास तेज रफ्तार से आ रही एक अज्ञात बोलेरो ने बाइक सवार पिता-पुत्र को सामने से जोरदार टक्कर मार दी। इस दर्दनाक हादसे में पिता की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बेटा गंभीर रूप से घायल होकर बीआरडी मेडिकल कॉलेज में जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष कर रहा है।

क्या है पूरी खबर?

जानकारी के अनुसार, सहजनवा थाना क्षेत्र के बसिया गांव निवासी 60 वर्षीय तूफानी रविवार की सुबह अपने पुत्र नंदू के साथ बाइक से सहजनवा बाजार जा रहे थे। सुबह करीब सात बजे जैसे ही वे रेलवे ओवरब्रिज के पास पहुंचे, तभी सामने से आ रही तेज रफ्तार बोलेरो ने उनकी बाइक को सीधी टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों उछलकर सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए।

 मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़

हादसे की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) सहजनवा पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देखते हुए डॉक्टरों ने दोनों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया। हालांकि जिला अस्पताल ले जाते समय रास्ते में ही तूफानी ने दम तोड़ दिया। पिता की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।

बीआरडी मेडिकल कॉलेज रेफर

वहीं घायल नंदू की हालत नाजुक होने पर जिला अस्पताल के चिकित्सकों ने उसे बीआरडी मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया, जहां उसका इलाज चल रहा है। डॉक्टरों के अनुसार उसकी स्थिति गंभीर बनी हुई है और वह खतरे से बाहर नहीं है।

गांव में मातम

एक ही परिवार में एक सदस्य की मौत और दूसरे के गंभीर रूप से घायल होने की खबर से गांव में मातम पसर गया है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक तूफानी के परिवार में दो बेटियां और दो बेटे हैं। घायल नंदू अभी अविवाहित है, जिससे परिवार की चिंता और भी बढ़ गई है।

 खतरनाक परिणामों की याद

पुलिस ने बोलेरो वाहन की तलाश शुरू कर दी है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार वाहन तेज रफ्तार में था और टक्कर मारने के बाद मौके से फरार हो गया। पुलिस का कहना है कि आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से अज्ञात वाहन और चालक की पहचान की जा रही है। यह हादसा एक बार फिर तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने के खतरनाक परिणामों की याद दिलाता है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से ओवरब्रिज क्षेत्र में सख्त यातायात व्यवस्था और स्पीड कंट्रोल के पुख्ता इंतजाम की मांग की है।

 

Location : 
  • गोरखपुर

Published : 
  • 8 February 2026, 7:26 PM IST