यूपी के बदायूं में सोमवार रात को एक सिलेंडर से भरा ट्रक हादसे का शिकार हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस मौके पर हालात को सामान्य करने में जुट गई। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद यातायात बहाल कर दिया गया। गनीमत रही कि बड़ा हादसा होते होते टल गया।

बदायूं में बीच सड़क में मची अफरातफरी
Badaun: जनपद के थाना सिविल लाइंस क्षेत्र में सोमवार रात को एक बड़ा हादसा हो गया। बाईपास के पास एक सिलेंडर से भरा ट्रक अनियंत्रित होकर बीच रोड पर पलट गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंची और हालात को सामान्य करने में जुट गई।
यह हादसा बरेली-आगरा हाइवे को जोड़ने वाले निर्माणाधीन सिक्सलेन रोड पर हुआ। ड्राइवर की पहचान राजेश पुत्र रामकिशन, निवासी मोहम्मदनगर सुलरा, थाना मूसाझाग, बदायूं के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार सिलेंडर से लदा ट्रक मथुरा से बिनावर स्थित भारत गैस एजेंसी जा रहा था। इस दौरान ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया। बताया जा रहा है कि ट्रक में लगभग 360 एलपीजी सिलेंडर लदे हुए थे। ट्रक पलटने के बाद सिलेंडर सड़क पर इधर-उधर बिखर गए और कुछ देर के लिए बाईपास पर अफरा-तफरी मच गई। गनीमत रही कि इस दौरान ट्रक के आसपास कोई वाहन नहीं था अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था।
मौके पर तहकीकात करती पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही सिविल लाइंस थाना के प्रभारी निरीक्षक हरेंद्र सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने तुरंत स्थिति का जायजा लिया और अतिरिक्त फोर्स व ट्रैफिक पुलिस को बुलवाया। सुरक्षा के लिहाज से घटनास्थल के चारों ओर घेरा लगाया गया, ताकि कोई चिंगारी या धूम्रपान से बड़ा धमाका न हो।
पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से बिखरे सिलेंडरों को एक-एक कर किनारे कराया और क्रेन मंगवाकर पलटे ट्रक को सीधा कराया गया। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद यातायात बहाल कर दिया गया और बाईपास पर वाहनों की आवाजाही सामान्य हो सकी।
आखिरी यात्रा पर हरीश राणा Exclusive Story, देखें कैसे चल रही AIIMS में ‘इच्छामृत्यु’ की प्रक्रिया?
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि ट्रक तेज रफ्तार में था और मोड़ पर संतुलन बिगड़ने से हादसा हुआ। गनीमत रही कि सिलेंडरों में लीकेज या विस्फोट नहीं हुआ, वरना बड़ा जान-माल का नुकसान हो सकता था।
बदायूं में बिजली टीम पर जानलेवा हमला, JE-लाइनमैन लहूलुहान; सात पर केस दर्ज
पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है और चालक के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। अधिकारियों ने कहा कि इस तरह के खतरनाक माल परिवहन में सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाएगा।
पुलिस ने बताया कि हादसे में कोई हताहत नहीं हुआ।