हिंदी
राष्ट्रीय लोक दल की जिला कार्यकारिणी बैठक संपन्न
फर्रुखाबाद: राष्ट्रीय लोक दल (रालोद) की जिला कार्यकारिणी बैठक प्रेस क्लब फर्रुखाबाद में हुई। बैठक की अध्यक्षता रालोद के जिला अध्यक्ष सूरज चौहान ने की।
डाइनामाइट न्यूज संवाददाता के अनुसार, जिसमें पार्टी के दर्जनों कार्यकर्ता शामिल हुए। इस दौरान पार्टी के सदस्यता अभियान के तहत कई किसान नेताओं ने रालोद पर भरोसा जताया और पार्टी में शामिल हुए।
बैठक में इन मुद्दे पर हुई चर्चा
बैठक की शुरुआत में प्रमुख रूप से पहलगाम में हुए आतंकी हमले की घोर निंदा की गई। इस आतंकी हमले में कई निर्दोष लोग मारे गए थे। जिसके बाद बैठक में दो मिनट का मौन रखा गया। सभी ने मिलकर मारे गए लोगों की आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की। इस अवसर पर रालोद के कार्यकर्ताओं ने शोक संवेदनाएं व्यक्त की और आतंकवाद के खिलाफ एकजुट होने का संकल्प लिया। बैठक में पाकिस्तान के खिलाफ की गई ऑपरेशन सिंधूर की भी सराहना की गई। जिलाध्यक्ष सूरज चौहान ने कहा कि भारतीय सेना ने पाकिस्तान को इस ऑपरेशन के माध्यम से मुंहतोड़ जवाब दिया। उन्होंने भारतीय सेना के साहस और समर्पण की सराहना की और देश की सुरक्षा में उनकी भूमिका को महत्वपूर्ण बताया। साथ ही इस विषय पर सेना का आभार प्रकट किया गया।
नई कार्यकारिणी की घोषणा
बैठक के अंत में जिला अध्यक्ष सूरज चौहान ने नई जिला कार्यकारिणी की घोषणा की। उन्होंने पार्टी की संरचना को मजबूत करने के लिए नए पदाधिकारियों की नियुक्ति की। इस कदम को रालोद के विस्तार और संगठन को और मजबूत बनाने के रूप में देखा जा रहा है। पार्टी के करीब एक दर्जन पदाधिकारी बैठक में मौजूद थे और उन्होंने नए कार्यकारिणी के गठन को सकारात्मक कदम बताया।
किसान नेताओं का रालोद पर विश्वास
बैठक में कई किसान नेताओं ने अपनी मौजूदगी दर्ज कराई और रालोद पर विश्वास जताया। किसानों की समस्याओं के समाधान के लिए रालोद की नीतियों और कार्यों के प्रति उनका भरोसा बढ़ा है। इस दौरान, कई किसान नेताओं ने रालोद की सदस्यता ग्रहण की। इसके साथ ही पार्टी की सक्रियता और किसान हितों के प्रति रालोद की प्रतिबद्धता को मजबूती मिली। इस बैठक में रालोद के जिला अध्यक्ष सूरज चौहान ने पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए संगठन को और मजबूती देने के लिए रणनीतियों पर भी चर्चा की। उन्होंने कहा कि रालोद का मुख्य उद्देश्य किसानों की आवाज उठाना और उन्हें उनके अधिकार दिलाना है।
Location : Farrukhabad
Published : 12 May 2025, 2:38 PM IST