मेरठ विवाद में कूदे राकेश टिकैत : बोले- थप्पड़ मारने का अधिकार किसने दिया? SSP पर मुकदमा…

मेरठ में प्रदर्शनकारियों के साथ कथित मारपीट के मामले पर किसान नेता राकेश टिकैत ने मेरठ SSP की कार्रवाई पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि यदि पुलिस हिरासत में मारपीट हुई है तो संबंधित अधिकारी के खिलाफ मुकदमा दर्ज होना चाहिए और वे पीड़ितों से भी मुलाकात करेंगे।

Post Published By: Mayank Tawer
Updated : 10 July 2026, 7:06 AM IST

Muzaffarnagar : मेरठ में दलित छात्रा हत्याकांड के विरोध प्रदर्शन के दौरान प्रदर्शनकारियों के साथ हुई कथित मारपीट का मामला अब तूल पकड़ता जा रहा है। इस मुद्दे पर अब भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत भी खुलकर सामने आ गए हैं।उन्होंने मेरठ के एसएसपी की कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए कहा कि यदि किसी व्यक्ति के साथ पुलिस हिरासत में मारपीट हुई है तो संबंधित अधिकारी के खिलाफ मुकदमा दर्ज होना चाहिए।

'वर्दी में मारपीट का अधिकार किसने दिया?'

राकेश टिकैत ने कहा कि पुलिस की गाड़ी में बैठे किसी भी व्यक्ति के साथ मारपीट करना पूरी तरह गलत है। उन्होंने कहा कि वर्दी पहन लेने से किसी अधिकारी को किसी को थप्पड़ मारने या मारपीट करने का अधिकार नहीं मिल जाता। अगर ऐसा हुआ है तो कानून के तहत संबंधित अधिकारी के खिलाफ भी कार्रवाई होनी चाहिए।

DN Exclusive: मेरठ ललिता हत्याकांड में SSP की थप्पड़बाजी के बाद बढ़ा तनाव, जल्द अखिलेश यादव या सपा प्रतिनिधिमंडल आएगा!

पीड़ितों से मिलने जाएंगे टिकैत

किसान नेता ने कहा कि जिन लोगों के साथ कथित मारपीट हुई है, उनसे वह मुलाकात करेंगे और उनके साथ खड़े रहेंगे। उन्होंने कहा कि आज यह घटना उनके साथ हुई है, कल किसी और के साथ भी हो सकती है। अगर पुलिस हिरासत में भी लोग सुरक्षित नहीं हैं तो यह गंभीर चिंता का विषय है।

'आंदोलन करना लोकतांत्रिक अधिकार'

राकेश टिकैत ने कहा कि आंदोलन कोई शौक से नहीं करता। जब लोगों के साथ अन्याय और अत्याचार होता है, तभी वे अपनी आवाज उठाने के लिए सड़क पर उतरते हैं। उन्होंने कहा कि पुलिस प्रशासन आंदोलनकारियों से बातचीत कर सकता है। उन्हें समझा सकता है या कानून के तहत कार्रवाई कर सकता है लेकिन हिरासत में मारपीट किसी भी स्थिति में उचित नहीं है।

'देश आंदोलन से ही बचेगा'

टिकैत ने कहा कि लोगों को अपने अधिकारों के लिए आवाज उठानी होगी। उनके मुताबिक लोकतंत्र में शांतिपूर्ण आंदोलन नागरिकों का अधिकार है और यदि लोगों की बात नहीं सुनी जाएगी तो आंदोलन होते रहेंगे। उन्होंने कहा कि देश को मजबूत लोकतंत्र के लिए जनता की आवाज का सम्मान करना होगा।

Location :  Meerut

Published :  10 July 2026, 6:32 AM IST