हिंदी
राहुल गांधी के बयान पर महिलाओं का आक्रोश
Sonbhadra: राहुल गांधी के सभा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मां पर की गई विवादित टिप्पणी को लेकर भाजपा महिला मोर्चा ने तीखा विरोध प्रदर्शन किया। प्रदेश महिला मोर्चा के आदेश पर भाजपा महिला मोर्चा सोनभद्र ने बुधवार को कांग्रेसी नेता राहुल गांधी के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए जिला कांग्रेस कार्यालय के सामने जमकर प्रदर्शन किया। प्रदर्शन में भाजपा कार्यकर्ताओं ने राहुल गांधी के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और उनसे सार्वजनिक तौर पर माफी मांगने की मांग की।
भाजपा महिला मोर्चा की ओर से सड़क पर उतर कर राहुल गांधी के खिलाफ नारे लगाए गए। 'मां का अपमान नहीं सहेगा हिंदुस्तान' जैसे नारे पूरे प्रदर्शन के दौरान लगाए जाते रहे। भाजपा महिला मोर्चा ने कहा कि राहुल गांधी की टिप्पणी न केवल प्रधानमंत्री की मां का अपमान है बल्कि पूरे भारत देश की महिलाओं के सम्मान पर हमला है। ऐसे आपत्तिजनक बयान देश की एकता और संस्कृति के खिलाफ हैं, जिन्हें बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
सोनभद्र में राहुल गांधी द्वारा पीएम मोदी की मां पर विवादित टिप्पणी के बाद भाजपा महिला मोर्चा ने जिला कांग्रेस कार्यालय के बाहर विरोध प्रदर्शन किया। दोनों पार्टियों के समर्थकों के बीच नारेबाजी हुई और प्रदर्शन कई घंटे तक जारी रहा। भाजपा ने राहुल गांधी से माफी मांगने की मांग की है।… pic.twitter.com/Ki2mn1Gwcq
— डाइनामाइट न्यूज़ हिंदी (@DNHindi) September 1, 2025
प्रदर्शनकारियों ने कांगेस जिला कार्यालय का घेराव किया, जहां पहले से ही कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद थे। कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने भाजपा के विरोध प्रदर्शन के जवाब में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी। इस तरह दोनों पार्टियों के समर्थकों के बीच तीखी नारेबाजी और तकरार देखने को मिली। प्रदर्शन स्थल पर तैनात पुलिसकर्मी दोनों पक्षों के नारों के बीच असहज नजर आए और स्थिति को नियंत्रित करने में लगे रहे।
यह प्रदर्शन कई घंटे तक चलता रहा और दोनों पार्टियों के समर्थक अपने-अपने नेताओं के समर्थन में जोरदार नारे लगाते रहे। भाजपा महिला मोर्चा की अध्यक्ष रूबी प्रसाद, जो कि नगरपालिका अध्यक्ष रॉबर्ट्सगंज भी हैं, ने इस प्रदर्शन का नेतृत्व किया। उन्होंने मीडिया से बातचीत में कहा कि राहुल गांधी की टिप्पणी समाज में भ्रांतियां पैदा करने वाली है और इससे देश की सामाजिक सौहार्द्रता को नुकसान पहुंचा है। उन्होंने कहा कि भाजपा महिला मोर्चा ऐसे विवादित बयानों के खिलाफ हमेशा सख्त रवैया अपनाएगी।
प्रदर्शन के दौरान महिलाओं और युवा कार्यकर्ताओं की संख्या ज्यादा देखी गई, जो इस घटना पर गहरा आक्रोश प्रकट कर रहे थे। भाजपा महिला मोर्चा ने जोर दिया कि राजनीतिक बयानबाजी की सीमा होती है और किसी भी नेता को दूसरों के परिवारों और माताओं का अपमान करने का अधिकार नहीं है। उन्होंने राहुल गांधी से तुरंत सार्वजनिक रूप से माफी मांगने और इस प्रकार की टिप्पणी न दोहराने की कड़ी चेतावनी भी दी।
Location : Sonbhadra
Published : 1 September 2025, 5:10 PM IST
No related posts found.