

अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में रायबरेली में 15 जून से साप्ताहिक योग सप्ताह प्रारम्भ होगा। पढ़िए डाइनामाइट न्यूज़ की पूरी रिपोर्ट
योग सप्ताह को लेकर रणनीति तय
रायबरेली: जिलाधिकारी हर्षिता माथुर ने शासन के निर्देशों के तहत 21 जून को 11वां अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस को सकुशल संपन्न कराने के लिए विस्तृत कार्य योजना पर बचत भवन स्थित कलेक्ट्रेट सभागार में बैठक की।
डाइनामाइट न्यूज़ के संवाददाता के अनुसार क्षेत्रीय आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी डॉ0 रवि प्रकाश सोनकर ने बताया कि योग सप्ताह 15 से 21 जून तक मनाया जाना है। जनपद स्तर पर 15 जून को कार्यक्रम का उद्घाटन गुरु गोविंद सिंह उद्यान में जन प्रतिनिधियो की उपस्थिति में सुबह 6 बजे किया जाएगा। 16 जून को सभी विद्यालयों में सामूहिक योगाभ्यास का आयोजन किया जाएगा। 17 जून को सामुदायिक योग सत्र कार्यक्रम का आयोजन सभी ग्राम पंचायतो में किया जाएगा। साथ ही स्वास्थ्य परीक्षण कैम्प लगाए जाएंगे। 18 जून को विशिष्ट वर्ग के लिए योग सत्र का आयोजन अनाथालय, वृद्ध आश्रम,जेल,कुष्ठ आश्रम में किया जाएगा। 19 जून को सरकारी और कॉरपोरेट कार्यालयों में सामूहिक योगाभ्यास किया जाएगा। 20 जून को महिलाओं के स्वास्थ्य हेतु योग कार्यशाला का आयोजन किया जाएगा जिसमें कुंवारी, गर्भवती, कामकाजी एवं प्रौढ़ महिलाओं को शामिल किया जाएगा।
21 जून अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के दिन सामूहिक योगाभ्यास का आयोजन जनपद मुख्यालय मोतीलाल नेहरू स्टेडियम में प्रातः 6 बजे से किया जाएगा। इसके साथ ही सभी ग्राम पंचायत, ब्लॉक, तहसील, ऐतिहासिक स्थल ,विद्यालय और महाविद्यालय में भी कॉमन योग प्रोटोकॉल का अभ्यास किया जाएगा।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी अर्पित उपाध्याय, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट प्रफुल्ल शर्मा, एडीएम न्यायिक विशाल यादव, एडीएम प्रशासन सिद्धार्थ, एडीएम (वि/रा) अमृता सिंह, सिटी मजिस्ट्रेट राम अवतार वर्मा, पीडी सतीश प्रसाद मिश्रा सहित सभी विभागों के अधिकारीगण उपस्थित रहे।
11 दिसंबर, 2014 को संयुक्त राष्ट्र महासभा ने 21 जून को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के रूप में घोषित किया। तब से, दुनिया भर में लाखों लोग योग के अभ्यास से एकजुट होकर हर साल इस दिन को मनाते हैं। यह वैश्विक उत्सव एकता और सद्भाव को बढ़ावा देता है, सीमाओं और संस्कृतियों से परे है, और हमें शांति और कल्याण की दुनिया के करीब लाता है। 2023 में, संयुक्त राष्ट्र मुख्यालय में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस समारोह ने सबसे अधिक राष्ट्रीयताओं के योग उत्साही लोगों की भागीदारी के लिए गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाया।
इस वर्ष 11वां अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस मनाया जा रहा है, यह एक ऐसा उत्सव है जो सभी की भागीदारी का स्वागत करता है और उसे महत्व देता है। संयुक्त राष्ट्र में भारत के स्थायी मिशन द्वारा आयोजित यह कार्यक्रम संयुक्त राष्ट्र मुख्यालय के उत्तरी लॉन क्षेत्र में होगा, जिसका विषय "एक पृथ्वी, एक स्वास्थ्य के लिए योग" है। इसमें भाग लेने वालों में संयुक्त राष्ट्र के सदस्य देशों के प्रतिनिधि, संयुक्त राष्ट्र के अधिकारी और कर्मचारी तथा न्यूयॉर्क में विभिन्न क्षेत्रों के उल्लेखनीय व्यक्ति शामिल होंगे। इसका लक्ष्य योग को एक व्यापक आंदोलन में बदलना है जो स्वास्थ्य पर जोर देता है और वैश्विक स्वास्थ्य और शांति को बढ़ावा देता है।