रायबरेली में राज्य महिला आयोग की सदस्य पुनम द्विवेदी ने जिला पंचायत सभागार में महिला उत्पीड़न और महिलाओं से जुड़ी समस्याओं की समीक्षा बैठक की। इस दौरान घरेलू हिंसा, यौन उत्पीड़न, वैवाहिक विवाद और लैंगिक भेदभाव से संबंधित 13 शिकायतें प्राप्त हुईं। आयोग सदस्य ने सभी मामलों में शीघ्र, गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निस्तारण के निर्देश देते हुए…
Raebareli: राज्य महिला आयोग की सदस्य पुनम द्विवेदी ने बुधवार को जिला पंचायत सभागार में महिला उत्पीड़न एवं महिलाओं से जुड़ी समस्याओं को लेकर समीक्षा बैठक की। बैठक के दौरान उन्होंने जन सुनवाई करते हुए घरेलू हिंसा, यौन उत्पीड़न, वैवाहिक विवाद, लैंगिक भेदभाव, शिक्षा एवं रोजगार से संबंधित शिकायतें सुनीं।
महिला जन सुनवाई के दौरान कुल 13 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिन पर आयोग सदस्य ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को तत्काल संज्ञान लेकर शीघ्र न्याय दिलाने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि महिलाओं और बच्चों से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
राज्य महिला आयोग की सदस्य ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि महिला उत्पीड़न से जुड़े सभी मामलों का निस्तारण गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध तरीके से किया जाए। जिन मामलों में कार्रवाई अभी लंबित है, उन्हें भी आयोग के संज्ञान में लाया जाए। उन्होंने कहा कि आयोग का स्पष्ट निर्देश है कि पीड़ित महिलाओं को न्याय के लिए अनावश्यक रूप से भटकना न पड़े।
चंदौली: लाल हुडी पहने नाबालिग ने की दिनदहाड़े लाखों की लूट, तलाश में जुटी पुलिस
साथ ही पीड़ित महिलाओं को निःशुल्क विधिक सहायता उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया गया। पुनम द्विवेदी ने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और न्याय सुनिश्चित करना राज्य महिला आयोग की सर्वोच्च प्राथमिकता है और किसी भी पीड़िता के साथ अन्याय नहीं होने दिया जाएगा।
इस अवसर पर ‘बाल विवाह मुक्त भारत अभियान’ के तहत उपस्थित अधिकारियों और कर्मचारियों को बाल विवाह न करने और रोकने की शपथ दिलाई गई। महिला कल्याण विभाग के हब फॉर इंपॉवरमेंट ऑफ वूमेन की टीम ने बताया कि 18 वर्ष से कम आयु की लड़की या 21 वर्ष से कम आयु के लड़के का विवाह बाल विवाह की श्रेणी में आता है।
यदि कहीं बाल विवाह की जानकारी मिले तो 1098 पर सूचना देने की अपील की गई। साथ ही मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना, स्पॉन्सरशिप योजना, महिला हेल्पलाइन 181, वन स्टॉप सेंटर, निराश्रित महिला पेंशन योजना और रानी लक्ष्मीबाई महिला एवं बाल सम्मान कोष योजना सहित विभिन्न सरकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई।
Maharajganj Crime: शर्मनाक वारदात! घर के बाथरूम में घुसा दबंग, फिर महिला के साथ…
बैठक में जिला प्रोबेशन अधिकारी जयपाल वर्मा, जिला विद्यालय निरीक्षक संजीव कुमार सिंह, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी राहुल सिंह, जिला पूर्ति अधिकारी उबेर्दुरहमान, जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी मोहन त्रिपाठी, जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी महिमा, जिला समाज कल्याण अधिकारी सृष्टि अवस्थी, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अधिकारी तथा हब फॉर इंपॉवरमेंट ऑफ वूमेन की टीम से जिला मिशन समन्वयक शेफाली सिंह, जेंडर स्पेशलिस्ट पूजा तिवारी सहित अन्य अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।