हिंदी
करछना-भीरपुर खंड पर बड़ा हादसा(Source: Google)
Prayagraj: उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले में करछना थाना क्षेत्र के भीरपुर चौकी अंतर्गत एक दर्दनाक रेल हादसा हो गया है। प्रयागराज मंडल के करछना, भीरपुर खंड के बीच मंगलवार शाम हुई इस घटना में 4 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। इस घटना के बाद रेलवे प्रशासन और स्थानीय पुलिस बल मौके पर मौजूद है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मंगलवार शाम लगभग 18:15 बजे गाड़ी संख्या 12312 के गार्ड और लोको पायलट ने किमी संख्या 801/24-22 पर डाउन मेन लाइन पर एक शव देखा। ट्रैक पर शव होने की सूचना मिलते ही ट्रेन को तत्काल रोक दिया गया और रेलवे के उच्च अधिकारियों को सूचित किया गया।
इसी बीच, शाम लगभग 18:47 बजे आ रही गाड़ी संख्या 12801 (पुरुषोत्तम एक्सप्रेस) वहां से गुजरी। दुर्भाग्यवश, रुकी हुई ट्रेन से उतरकर ट्रैक के पास खड़े चार लोग पुरुषोत्तम एक्सप्रेस की चपेट में आ गए, जिससे उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस दुखद घटना का संज्ञान लिया है। उन्होंने मृतकों के शोक संतप्त परिजनों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त की है। मुख्यमंत्री ने जिला प्रशासन और रेलवे के अधिकारियों को तत्काल मौके पर पहुंचकर राहत कार्य में तेजी लाने और प्रभावित परिवारों की हर संभव सहायता करने के कड़े निर्देश दिए हैं।
Luckow Fire: लखनऊ में भीषण आग का तांडव, सिलेंडर्स ब्लास्ट के साथ कई झोपड़ियां और आशियाने खाक
रेलवे प्रशासन द्वारा इस दुखद घटना के संबंध में आवश्यक विधिक एवं प्रशासनिक कार्यवाही की जा रही है। इस हादसे के बाद रेलवे ने यात्रियों और आम जनता की सुरक्षा के लिए एक महत्वपूर्ण एडवाइजरी जारी की है। प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि ट्रेन के किसी भी कारणवश रुकने की स्थिति में वे अनावश्यक रूप से कोच से बाहर न उतरें और रेलवे ट्रैक से उचित दूरी बनाए रखें, क्योंकि ट्रैक पर खड़ा होना जानलेवा साबित हो सकता है।
रेलवे ने जोर देते हुए कहा कि यात्री सफर के दौरान निर्धारित सुरक्षा नियमों का पूर्णतः पालन करें और पूरी सावधानी बरतें। वर्तमान में रेलवे प्रशासन मृतकों की शिनाख्त करने और अन्य कानूनी प्रक्रियाओं को पूरा करने में जुटा है, साथ ही यात्रियों से धैर्य बनाए रखने और सुरक्षा मानकों का उल्लंघन न करने का अनुरोध किया गया है।
Location : Prayagraj
Published : 15 April 2026, 11:43 PM IST