हिंदी
सांप के डसने से युवक की मौत (Img: Dynamite News)
Pratapgarh News: उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले के कोहंडौर थाना क्षेत्र के अतरसंड गांव में सांप के डसने से 35 वर्षीय युवक की मौत हो गई। गंभीर हालत में युवक को जिला मेडिकल कॉलेज से प्रयागराज के एसआरएन अस्पताल रेफर किया गया था, जहां शुक्रवार दोपहर इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा है।
अतरसंड गांव निवासी नितिन तिवारी गुरुवार शाम घर के बाहर टहल रहे थे। इसी दौरान सांप ने उनके दाहिने पैर में डस लिया। नितिन ने तुरंत आसपास के लोगों और परिजनों को इसकी जानकारी दी।
परिजन उन्हें आनन-फानन में उपचार के लिए जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें प्रयागराज स्थित एसआरएन अस्पताल रेफर कर दिया।
परिजन नितिन को लेकर प्रयागराज पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उनका उपचार शुरू किया। लेकिन शुक्रवार दोपहर करीब 2 बजे इलाज के दौरान नितिन की मौत हो गई। मौत की सूचना मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई।
घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस गांव पहुंची। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं, तहसील स्तर के कर्मचारियों ने भी गांव पहुंचकर परिवार से मुलाकात की और घटना की जानकारी जुटाई।
नितिन तिवारी तीन भाइयों में सबसे बड़े थे। वह खेती-किसानी में अपने पिता मदन तिवारी का हाथ बंटाते थे। उनके छोटे भाई अंकुश और अंकुर तिवारी मुंबई में दिहाड़ी मजदूरी करते हैं।
बेटे की अचानक मौत से पिता मदन तिवारी और मां रेनू तिवारी का रो-रोकर बुरा हाल है। युवक की मौत से पूरे गांव में भी शोक का माहौल है।
Location : Pratapgarh
Published : 2 October 2026, 8:28 PM IST