हिंदी
जमीन विवाद ने लिया हिंसक रूप (Image Source: Dynamite News)
Pratapgarh: उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले के उदयपुर थाना क्षेत्र के जरियारी गांव में रविवार दोपहर जमीन को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हो गया। इस दौरान हुई मारपीट में अर्जुन यादव और मनोज यादव घायल हो गए। घायल पक्ष ने विपक्षियों पर धारदार हथियारों से हमला करने और अवैध तमंचे से फायरिंग करने का आरोप लगाया है। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया, जहां उनका उपचार चल रहा है।
अर्जुन यादव पक्ष की ओर से देवराज यादव पुत्र रामकिशुन, निवासी पूरे चौहान जरियारी ने पुलिस को तहरीर दी है। तहरीर के मुताबिक, रविवार दोपहर करीब 12 बजे अर्जुन यादव पुत्र हरिश्चन्द्र अपनी बैनामे की जमीन पर जोताई कर रहे थे। इसी दौरान पुरानी रंजिश को लेकर दूसरे पक्ष के लोग वहां पहुंच गए। शिकायतकर्ता ने फतेह मोहम्मद पुत्र वसीर समेत दर्जन भर ज्ञात और करीब 20-25 अज्ञात लोगों पर एकराय होकर आने का आरोप लगाया है। तहरीर में कहा गया है कि इन लोगों के हाथों में धारदार हथियार थे और उन्होंने अर्जुन यादव तथा मनोज यादव के साथ मारपीट शुरू कर दी।
देवराज यादव की ओर से दी गई तहरीर में आरोप लगाया गया है कि हमले के दौरान दोनों पक्षों के बीच शोर-शराबा होने लगा। आवाज सुनकर गांव के लोग मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव किया। शिकायत के अनुसार, मारपीट में गंभीर चोट लगने के कारण अर्जुन यादव मौके पर ही बेहोश हो गए। मनोज यादव को भी चोटें आईं।
ये भी पढ़ें: प्रतापगढ़ में कब्र खोदकर निकाला गया शव, किशोर की मौत पर प्रशासन सख्त
मारपीट में दो लोग घायल (Image Source: Dynamite News)
तहरीर में आगे आरोप लगाया गया है कि मारपीट करने के बाद विपक्षी गाली-गलौज करते हुए वहां से चले गए। शिकायतकर्ता ने यह भी आरोप लगाया है कि जाते समय आरोपियों ने अवैध तमंचे से फायरिंग की और जानलेवा धमकी दी। घटना के बाद घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेजवाया गया। घायल पक्ष ने मामले में करीब तीन दर्जन लोगों के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी है। हालांकि, तहरीर में लगाए गए आरोपों की पुष्टि पुलिस की ओर से नहीं की गई है।
ये भी पढ़ें: प्रतापगढ़ में पानी निकासी के विवाद ने लिया हिंसक रूप, चचेरे भाई-भतीजे पर कुल्हाड़ी से हमला
घटना को लेकर पुलिस का कहना है कि फायरिंग की बात निराधार है। एसओ वारिज कसेरा ने बताया कि इस मामले में तहरीर मिली है। उन्होंने फायरिंग की घटना से इनकार करते हुए कहा कि मामले की जांच की जाएगी और जांच के बाद उचित कार्रवाई की जाएगी।
इस तरह जमीन की जोताई को लेकर शुरू हुआ विवाद मारपीट तक पहुंच गया, जिसमें दो लोग घायल हुए हैं। एक पक्ष ने फतेह मोहम्मद समेत अन्य लोगों पर हमला और फायरिंग का आरोप लगाया है, जबकि पुलिस ने फायरिंग की बात को खारिज किया है। फिलहाल पुलिस तहरीर के आधार पर मामले की जांच करने की बात कह रही है।
Location : Pratapgarh
Published : 22 November 2026, 7:43 PM IST