दिन में आंवला व्यापारी, रात में MD ड्रग का सौदागर, पूर्व जिला पंचायत सदस्य गिरफ्तार

दिन में आंवला का व्यापारी, रात में MD ड्रग का तस्कर! अंतू पुलिस के हत्थे चढ़े पूर्व जिला पंचायत सदस्य की असली कहानी सुनकर हर कोई हैरान रह गया। आंवला के व्यापार की आड़ में लंबे समय से नशे का काला कारोबार चल रहा था, लेकिन किसी को कानोकान खबर तक नहीं लगी।

Post Published By: Jay Chauhan
Updated : 16 November 2026, 1:12 AM IST

Pratapgarh: उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले में आंवला व्यापार की आड़ में कथित तौर पर MD ड्रग का कारोबार करने का मामला सामने आया है। अंतू पुलिस ने वाहन चेकिंग के दौरान पूर्व जिला पंचायत सदस्य अब्दुल रहमान उर्फ नान्हू को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी के पास से 8.4 ग्राम अवैध MD ड्रग बरामद हुई है। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को जेल भेज दिया गया है। पुलिस अब नशे के कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी है।

बिना नंबर की क्रेटा ने खोला राज

पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर के निर्देशन में मादक पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान में अंतू पुलिस ने बड़ी कामयाबी हासिल की। थाना प्रभारी अभिषेक सिरोही के निर्देशन में चौकी प्रभारी गड़वारा सचिन यादव, कांस्टेबल लोकेंद्र सिंह और संदीप यादव शुकुलपुर चौराहा पर वाहनों की चेकिंग कर रहे थे।

इसी दौरान बिना नंबर की क्रेटा कार आती दिखी। पुलिस ने रोककर तलाशी ली तो कार सवार की जेब से MD ड्रग बरामद हुआ। आरोपी की पहचान पूर्व जिला पंचायत सदस्य अब्दुल रहमान उर्फ नान्हू निवासी आम मऊ ककरहा के रूप में हुई। उसके पास से 8.4 ग्राम अवैध MD ड्रग बरामद किया गया।

प्रतापगढ़ में कार पार्किंग को लेकर खूनी संघर्ष, फायरिंग और पत्थरबाजी में तीन घायल, गांव में तनाव

आंवला व्यापार की आड़ में MD का धंधा

बताया जाता है कि अब्दुल रहमान उर्फ नान्हू आंवला का व्यापार करता था। इसी व्यापार की आड़ में वह MD ड्रग के कारोबार में जुड़ गया। पुलिस पूछताछ में उसने MD ड्रग को पट्टी से लाने की बात स्वीकार की है।

इलाके में मची सनसनी

रविवार को पुलिस ने रंगे हाथ पूर्व जिला पंचायत सदस्य को MD के साथ गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। गिरफ्तारी की खबर मिलते ही अंतू, गड़वारा और पूरे प्रतापगढ़ में सनसनी फैल गई। लोग यही चर्चा कर रहे हैं कि आखिर आंवला व्यापारी कब नशे का सौदागर बन गया, किसी को पता ही नहीं चला।

प्रतापगढ़ में बेखौफ बदमाशों का आतंक, सुलह न करने पर अधेड़ को मारी गोली, प्रयागराज रेफर

पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जेल भेज दिया है। पुलिस अब इसके नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुट गई है।

Location :  Pratapgarh

Published :  16 November 2026, 1:10 AM IST