बरेली में एनकाउंटर: गोलियों की आवाज से गूंजा इलाका, पुलिस के हत्थे चढ़ा शातिर बदमाश

बरेली के प्रेमनगर थाना क्षेत्र में देर रात पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हुई। फायरिंग में एक बदमाश घायल हुआ, दूसरा गिरफ्तार। दोनों शास्त्री नगर लूटकांड में वांछित थे। मौके से अवैध असलहे और बाइक बरामद

Post Published By: Mayank Tawer
Updated : 6 February 2026, 4:16 PM IST

Bareilly: उत्तर प्रदेश के बरेली जिले में गुरुवार देर रात पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ ने इलाके में सनसनी फैला दी। प्रेमनगर थाना क्षेत्र में संदिग्ध स्प्लेंडर सवार दो युवकों ने जब पुलिस चेकिंग देख भागने की कोशिश की, तो मामला हाई-स्पीड पीछा और फायरिंग तक पहुंच गया। आरपीएफ बैरक के पास रेलवे लाइन किनारे बदमाशों ने पुलिस पार्टी पर जान से मारने की नीयत से गोलियां चला दीं। जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश के पैर में गोली लगी, जबकि उसका साथी मौके से गिरफ्तार कर लिया गया।

चेकिंग के दौरान भागे संदिग्ध

पुलिस कूदेशिया फाटक की ओर संदिग्ध वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान स्प्लेंडर बाइक पर सवार दो युवक तेज रफ्तार में वहां से गुजरते दिखे। पुलिस ने रोकने की कोशिश की, लेकिन दोनों ने बाइक की स्पीड बढ़ा दी। हालात को भांपते हुए कंट्रोल रूम के माध्यम से कोतवाली, इज्जतनगर और बारादरी थाना पुलिस को अलर्ट कर दिया गया।

आरपीएफ बैरक के पास फायरिंग

घेराबंदी होते देख बदमाशों ने आरपीएफ बैरक के पास रेलवे लाइन किनारे पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। जान से मारने की नीयत से की गई इस फायरिंग के बाद पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की। इस दौरान एक बदमाश के पैर में गोली लग गई और वह वहीं गिर पड़ा, जबकि उसके साथी को पुलिस ने घेराबंदी कर दबोच लिया।

सीओ सिटी का बयान

सीओ सिटी आशुतोष शिवम ने बताया कि घायल बदमाश की पहचान उदय ठाकुर के रूप में हुई है, जबकि गिरफ्तार युवक का नाम मनोज भास्कर है। दोनों के पास से अवैध असलहे और जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं। घायल बदमाश को तत्काल जिला अस्पताल भेजा गया, जहां उसका इलाज जारी है।

शास्त्री नगर लूटकांड से जुड़ा मामला

पुलिस के अनुसार, दोनों अभियुक्तों ने 4 फरवरी की शाम शास्त्री नगर गेट पर राहुल गंगवार नामक युवक से मोबाइल और चेन लूटने की कोशिश की थी। विरोध करने पर बदमाशों ने सिर पर कड़े से हमला किया और तमंचे से फायर कर दहशत फैला दी थी। इस मामले में थाना प्रेमनगर में BNS धारा 109 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था, तभी से पुलिस दोनों की तलाश में जुटी थी।

Location : 
  • Bareilly

Published : 
  • 6 February 2026, 4:16 PM IST