शादी में शामिल होने गया था परिवार, घर लौटे तो उड़ गए होश

शादी समारोह में गया परिवार जब घर लौटा, तो अंदर का नजारा देखकर उसके होश उड़ गए। गोरखपुर के कोतवाली क्षेत्र में हुई इस बड़ी चोरी का पुलिस ने खुलासा करते हुए एक वांछित आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

Post Published By: Jay Chauhan
Updated : 7 July 2026, 5:22 AM IST

गोरखपुर:  शहर के कोतवाली क्षेत्र में शादी समारोह में शामिल होने गए परिवार के घर में हुई बड़ी चोरी का पुलिस ने सफल खुलासा करते हुए एक वांछित आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी के बड़ी मात्रा में सोने-चांदी के आभूषण तथा 17,705 रुपये नकद बरामद किए हैं। बरामदगी में सोने के करीब 17.30 ग्राम और चांदी के लगभग 1.5 किलोग्राम से अधिक वजन के जेवर शामिल हैं।

ये था मामला

पुलिस के अनुसार, 1 मई 2026 को पीड़ित अपने भाई की बेटी की शादी में शामिल होने के लिए घर से बाहर गया था। जब वह वापस लौटा तो घर के ताले टूटे मिले और अंदर रखे सोने-चांदी के आभूषणों के साथ करीब 50 हजार रुपये नकद गायब थे। पीड़ित की तहरीर पर कोतवाली थाने में अज्ञात चोरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।

गोरखपुर में युवक की मौत के बाद ऐसा क्या हुआ कि पुलिस जीप तक निशाने पर आ गई?

गिरफ्तार आरोपी

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चलाए जा रहे अपराधियों की गिरफ्तारी अभियान के तहत पुलिस अधीक्षक नगर के मार्गदर्शन और क्षेत्राधिकारी कोतवाली के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक कोतवाली के नेतृत्व में गठित टीम ने मामले की जांच करते हुए वांछित आरोपी साहिल अंसारी पुत्र अजमेर अंसारी, निवासी पड़री सुकरौली, थाना हाटा, जनपद कुशीनगर (हाल पता मोहद्दीपुर, थाना कैंट, गोरखपुर) को गिरफ्तार कर लिया।

Gorakhpur: गोरखपुर में वाटर पार्क बना जंग का मैदान, देर रात हुआ हाई वोल्टेज ड्रामा

आरोपी से सामान बरामद

पूछताछ और तलाशी के दौरान पुलिस ने आरोपी के कब्जे से तीन जोड़ी सोने के झाले, झुमकी, लर, तीन सोने की चेन, तीन मंगलसूत्र, सात जोड़ी टप्स, नोजपिन, अंगूठी सहित कई कीमती आभूषण बरामद किए। इसके अलावा 20 पायल, चांदी के गिलास, कटोरी, चम्मच, बिछिया, कड़े, ब्रेसलेट, पुराने पायल, चांदी की चेन, सिक्के समेत बड़ी मात्रा में चांदी के जेवर और 17,705 रुपये नकद भी बरामद हुए।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ दर्ज मुकदमे में आवश्यक धाराओं की बढ़ोत्तरी करते हुए आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। इस कार्रवाई को अंजाम देने वाली टीम में उपनिरीक्षक दुर्गेश कुमार वैश्य, हर्ष शुक्ला, लालजी गौड़, आकाश सिंह, राहुल यादव सहित कई पुलिसकर्मी शामिल रहे।

Location :  Gorakhpur

Published :  7 July 2026, 5:19 AM IST