हिंदी
पुलिस गिरफ्त में आरोपी
Siddharthnagar: सिद्धार्थनगर में रिश्तों को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है, जहां पति को जिंदा जलाकर मारने के प्रयास के आरोप में पुलिस ने पत्नी और उसके प्रेमी को गिरफ्तार कर लिया। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई, जबकि पुलिस की त्वरित कार्रवाई से दोनों आरोपी भागने से पहले ही पकड़ लिए गए।
पुलिस के मुताबिक डुमरियागंज थाना क्षेत्र के रेहरा गांव निवासी पूजा गौतम पर अपने पति लालजी गौतम को जिंदा जलाकर मारने की साजिश रचने का आरोप है। इस वारदात में उसका कथित प्रेमी फिरोज अहमद निवासी बगही बारी, थाना पीपीगंज, जनपद गोरखपुर भी शामिल था।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस हरकत में आ गई और आरोपियों की तलाश शुरू कर दी गई।
प्रभारी निरीक्षक श्रीप्रकाश यादव के नेतृत्व में पुलिस टीम क्षेत्र में अपराधियों की धरपकड़ और शांति व्यवस्था की निगरानी कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि दोनों आरोपी डुमरियागंज बस अड्डे के पास मौजूद हैं और कहीं भागने की फिराक में हैं।
सूचना मिलते ही पुलिस ने तत्काल घेराबंदी कर दोनों को मौके से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी करने के बाद दोनों आरोपियों को न्यायालय भेज दिया। मामले की जांच जारी है और पुलिस घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी पड़ताल कर रही है।
घटना सामने आने के बाद पूरे इलाके में दिनभर चर्चा का माहौल बना रहा। ग्रामीणों में इस घटना को लेकर हैरानी और नाराजगी देखने को मिली।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक अमला यादव, मुख्य आरक्षी इकरामुल्लाह, आरक्षी सत्यराम यादव, अभिषेक यादव और महिला आरक्षी नीलम यादव शामिल रहीं।
Location : Siddharthnagar
Published : 23 May 2026, 5:58 PM IST