
कोठीभार थाना में पीस कमेटी की अहम बैठक
महराजगंज: आगामी होली और ईद पर्व को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण में मनाए जाने के उद्देश्य से कोठीभार थाना परिसर में पीस कमेटी की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता उपजिलाधिकारी निचलौल सिद्धार्थ गुप्ता ने की। इस अवसर पर क्षेत्राधिकारी निचलौल बसंत सिंह, थानाध्यक्ष कोठीभार धर्मेंद्र सिंह तथा नगरपालिका सिसवा चौकी प्रभारी दिव्य प्रकाश सहित पुलिस एवं प्रशासन के अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
तेज आवाज में डीजे बजाने पर पूरी तरह रोक
बैठक में दोनों प्रमुख त्योहारों के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। अधिकारियों ने स्पष्ट रूप से कहा कि त्योहारों के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। होली के अवसर पर तेज आवाज में डीजे बजाने पर पूरी तरह रोक रहेगी, जबकि सड़क पर तेज गति से बाइक चलाने, बिना हेलमेट वाहन चलाने और हुड़दंग मचाने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।
सूचना तत्काल पुलिस को देने की सलाह
क्षेत्राधिकारी बसंत सिंह ने ग्राम प्रधानों एवं सामाजिक प्रतिनिधियों से अपील करते हुए कहा कि वे अपने-अपने गांवों में बैठकों के माध्यम से लोगों को जागरूक करें। उन्होंने कहा कि यातायात नियमों का पालन सभी के लिए अनिवार्य है। साथ ही डीजे की आवाज शासन द्वारा तय मानकों के अनुरूप ही रखी जाए। अफवाहों से बचने, सोशल मीडिया पर किसी भी भ्रामक सूचना को साझा न करने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की सलाह दी गई।
शांति व्यवस्था बनाए रखने में आम जनता की भूमिका
एसडीएम सिद्धार्थ गुप्ता ने कहा कि प्रशासन त्योहारों को सकुशल संपन्न कराने के लिए पूरी तरह सतर्क है। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि शांति व्यवस्था बनाए रखने में आम जनता की भूमिका सबसे अहम होती है। आपसी भाईचारा और सहयोग से ही क्षेत्र में सौहार्द कायम रह सकता है।
बैठक में बख्शीश अली, शिबू बनारसी, रामहर्ष दुबे, चंद्रशेखर सिंह उर्फ लल्ले सिंह, बेलाल अहमद, जितेंद्र सहित कई गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने प्रशासन को पूर्ण सहयोग देने और क्षेत्र में किसी भी प्रकार की अशांति न होने देने का आश्वासन दिया।
Location : Maharajganj
Published : 12 February 2026, 6:44 PM IST
Topics : administration Holi Maharajganj News UP News