

सावन के दूसरे सोमवार पर रायबरेली के शिव मंदिरों में भक्तों का अंबार लग गया। पढिये पूरी खबर
रायबरेली: उत्तर रायबरेली के लालगंज क्षेत्र के ऐहार गांव स्थित बाल्हेश्वर मंदिर में आज सावन माह के दूसरे सोमवार पर भक्तों का उत्साह चरम पर रहा। सुबह की पहली किरण के साथ ही श्रद्धालु जलाभिषेक और दर्शन के लिए पहुंचने लगे। मंदिर परिसर भक्तों से खचाखच भर गया।
प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े इंतज़ाम
जानकारी के अनुसार मंदिर के पुजारी पंडित संजू जी महाराज ने वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच बाबा बाल्हेश्वर का अभिषेक किया। इसके बाद भक्तिमय माहौल में भव्य आरती संपन्न हुई। आरती के उपरांत श्रद्धालुओं के लिए मंदिर के कपाट खोल दिए गए, और हर-हर महादेव के जयकारों से वातावरण गुंजायमान हो उठा। "सावन के दूसरे सोमवार पर बाबा के दर्शन का विशेष महत्व है। आज हजारों श्रद्धालु जलाभिषेक के लिए पहुंचे हैं। भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े इंतज़ाम किए।
भगवान भोलेनाथ के प्रति श्रद्धालुओं की आस्था
लालगंज पुलिस प्रशासन और मंदिर समिति के कार्यकर्ता व्यवस्था संभालते हुए हर जगह मुस्तैद नज़र आए। भक्तों के अनुसार सावन के हर सोमवार को यहां इसी तरह श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ता है। सुरक्षा और व्यवस्था के बीच भक्तों ने बाबा बाल्हेश्वर से परिवार और समाज के कल्याण की प्रार्थना की। सावन के दूसरे सोमवार पर उमड़ी इस भीड़ ने एक बार फिर यह साबित कर दिया कि भगवान भोलेनाथ के प्रति श्रद्धालुओं की आस्था अटूट है।
श्रद्धालुओं के लिए भंडारे लगाए
वहीं रायबरेली के राही ब्लॉक में सावन माह के अवसर पर कावड़ यात्रा का आयोजन हुआ। यात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने हिस्सा लिया। श्रद्धालुओं ने बोल बम और हर हर महादेव के जयकारों से वातावरण को शिवमय बनाया। कावड़ यात्रा में सभी आयु वर्ग के लोगों की भागीदारी रही। बुजुर्ग, महिलाएं और बच्चे भी कावड़ लेकर चल रहे थे। यात्रा मार्ग पर श्रद्धालुओं के लिए भंडारे लगाए गए। जगह-जगह जल सेवा की व्यवस्था की गई। स्वागत द्वार भी बनाए गए।
प्रशासन ने सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए। संवेदनशील स्थानों पर पुलिस बल तैनात किया गया। ड्रोन कैमरे से निगरानी की जा रही है। सीसीटीवी कैमरों से अधिकारी स्थिति पर नजर रख रहे हैं।रात्रि में यात्रा के लिए सड़कों पर लाइट पोल लगाए गए। यह आयोजन धार्मिक आस्था का प्रतीक है। प्रशासनिक सतर्कता और सामुदायिक सहयोग से यात्रा सफल हो रही है। इससे शिव भक्तों को सुरक्षित दर्शन का अवसर मिल रहा है।