चंदौली में हिस्ट्रीशीटर ने पुलिस टीम पर चलाई गोली, जानें फिर कैसे हुआ उसका खेल खत्म?

चंदौली के बलुआ थाना क्षेत्र में पुलिस और बदमाश के बीच मुठभेड़ में एक शातिर हिस्ट्रीशीटर चोर को गोली लगी और उसे गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी पर कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस ने उसके पास से चोरी के ट्रैक्टर और अवैध हथियार बरामद किए हैं।

Post Published By: सौम्या सिंह
Updated : 2 May 2026, 12:31 PM IST

Chandauli : जिले में पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए एक शातिर हिस्ट्रीशीटर चोर को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया है। यह पूरा मामला बलुआ थाना क्षेत्र के सोनहुला गांव के पास नहर मार्ग का है। जहां पुलिस चेकिंग अभियान चला रही थी। तभी यह खतरनाक मुठभेड़ सामने आई। जिसमें बदमाश ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी।

चेकिंग के दौरान भड़का बदमाश

पुलिस टीम नियमित चेकिंग अभियान पर थी, तभी एक संदिग्ध ट्रैक्टर को रोकने की कोशिश की गई। लेकिन चालक ने रुकने के बजाय पुलिस पर फायर झोंक दिया। अचानक हुए इस हमले से इलाके में अफरा-तफरी मच गई और पुलिस ने तुरंत मोर्चा संभाल लिया।

जवाबी कार्रवाई में बदमाश घायल

पुलिस ने भी जवाबी फायरिंग की। जिसमें बदमाश के पैर में गोली लग गई और वह घायल होकर गिर पड़ा। पुलिस ने मौके पर ही उसे दबोच लिया और तुरंत इलाज के लिए अस्पताल भेज दिया। बताया जा रहा है कि आरोपी ने पुलिस टीम पर ट्रैक्टर चढ़ाकर कुचलने की भी कोशिश की थी, लेकिन सतर्कता के चलते पुलिस बाल-बाल बच गई।

फरार साथी की तलाश जारी

इस दौरान बदमाश का एक साथी मौके से फरार हो गया। जिसकी तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है। पूरे इलाके में सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है ताकि उसे जल्द पकड़ा जा सके।

चंदौली में ट्रेन की चपेट में आई महिला… सुबह घर से निकली और फिर नहीं लौटी, जानिए क्या हुआ?

हिस्ट्रीशीटर निकला आरोपी

गिरफ्तार बदमाश की पहचान गाजीपुर निवासी मृत्युंजय कुशवाहा के रूप में हुई है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार उस पर करीब दो दर्जन से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं और वह लंबे समय से पुलिस की निगरानी में था।

बरामद हुआ चोरी का सामान और हथियार

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से दो चोरी के ट्रैक्टर और एक ट्रॉली बरामद की है। इसके अलावा एक अवैध तमंचा, जिंदा कारतूस और खोखा भी मिला है, जिससे साफ है कि आरोपी किसी बड़ी वारदात की योजना में था।

पुलिस का बयान

इस मामले पर क्षेत्राधिकारी सकलडीहा कृष्णा मुरारी शर्मा ने बताया कि चेकिंग के दौरान यह मुठभेड़ हुई और आरोपी को घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया गया है। उन्होंने कहा कि फरार आरोपी की तलाश तेज कर दी गई है और पूरे मामले की गहराई से जांच की जा रही है।

Location :  Chandauli

Published :  2 May 2026, 12:31 PM IST