हिंदी
मंदिर के पास पानी में तैरती मिली अज्ञात लाश (Img: Dynamite News
Siddharthnagar News: सिद्धार्थनगर के लोटन कोतवाली क्षेत्र में उस समय सनसनी फैल गई, जब एक मंदिर के पास पानी में अज्ञात शव उतराता हुआ मिला। शव मिलने की खबर जैसे ही इलाके में फैली, बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंच गए। सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से शव को पानी से बाहर निकलवाया। फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो सकी है और पुलिस शिनाख्त के प्रयास में जुटी हुई है।
मंदिर से करीब 100 मीटर दूर मिला शव
जानकारी के मुताबिक, यह मामला लोटन कोतवाली क्षेत्र स्थित जगदीश स्वामी मंदिर के पास का है। मंदिर से करीब 100 मीटर की दूरी पर पानी में एक शव दिखाई दिया। राहगीरों और स्थानीय लोगों की नजर जब शव पर पड़ी तो इलाके में अफरा-तफरी मच गई। देखते ही देखते घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। लोगों ने इसकी सूचना तत्काल पुलिस को दी।
पुलिस ने शव को बाहर निकलवाकर भेजा पोस्टमार्टम के लिए
सूचना मिलते ही लोटन कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और स्थानीय लोगों की मदद से शव को पानी से बाहर निकलवाया। इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और मृतक की पहचान के लिए आसपास के इलाकों में जानकारी जुटाई जा रही है।
शिनाख्त के बाद साफ होगी पूरी तस्वीर
फिलहाल सबसे बड़ा सवाल यही है कि पानी में मिला यह शव किसका है और उसकी मौत किन परिस्थितियों में हुई। पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है। पुलिस के अनुसार मौत के सही कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा। रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। अज्ञात शव मिलने की इस घटना के बाद इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं हैं। अब पुलिस के सामने सबसे बड़ी चुनौती मृतक की पहचान करना और घटना की सच्चाई सामने लाना है।
Location : Siddharthnagar
Published : 9 August 2026, 2:28 PM IST