
प्रतीकात्मक छवि (फोटो सोर्स- इंटरनेट)
Muzaffarnagar: उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जनपद के चरथावल थाना क्षेत्र में दबंगों का कहर देखने को मिला है। एक नाबालिग युवती के साथ छेड़छाड़ का विरोध करने पर दबंगों ने पीड़ित परिवार पर दो दिनों तक लगातार हमला किया। इस हिंसक झड़प का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 8 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
घटना 2 अप्रैल की है, जब सैदपुर कला गांव की एक नाबालिग युवती गांव में ही एक शादी समारोह से घर लौट रही थी। आरोप है कि रास्ते में गांव के ही दबंग युवकों, शादाब और आमिर ने युवती के साथ बदसलूकी और छेड़छाड़ की। युवती ने किसी तरह आरोपियों के चंगुल से छूटकर घर पहुंचकर परिजनों को आपबीती सुनाई। जब परिवार ने इस घटना का विरोध किया, तो दबंगों ने अपने साथियों के साथ मिलकर पीड़ित परिवार के घर पर लाठी-डंडों से हमला बोल दिया और बेरहमी से मारपीट की।
Muzaffarnagar Accident: एक ही परिवार के 4 की मौत पर हंगामा, मुआवजे पर मानी बात; पढ़ें पूरी खबर
हैरानी की बात यह है कि हिंसा का यह दौर यहीं नहीं रुका। 3 अप्रैल को जब गांव में दोनों पक्षों को समझौते और फैसले के लिए बैठाया गया, तो दबंगों ने एक बार फिर विवाद शुरू कर दिया। देखते ही देखते दोनों पक्ष फिर से आमने-सामने आ गए और जमकर लाठी-डंडे चले। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि किस तरह लोगों को नाली में गिरा-गिराकर पीटा जा रहा है।
पीड़ित युवती की मां ने रोते हुए इंसाफ की गुहार लगाई है। उनका कहना है कि दबंगों ने न केवल उनकी बेटी के साथ छेड़छाड़ की, बल्कि उनके पति, बेटों और रिश्तेदारों को भी बुरी तरह पीटा। महिला का आरोप है कि उन पर सुलह करने के लिए दबाव बनाया जा रहा है और शुरुआत में पुलिस ने भी उनकी सुनवाई नहीं की थी। उन्होंने प्रशासन से गुहार लगाई है कि उनकी नाबालिग बेटी को न्याय मिले और दोषियों को सख्त सजा दी जाए।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू की। सीओ सदर रविशंकर मिश्रा ने जानकारी देते हुए बताया कि 2 अप्रैल को बारात के दौरान शुरू हुआ विवाद अगले दिन संघर्ष में बदल गया था। पुलिस ने वायरल वीडियो और शिकायत का संज्ञान लेते हुए घटना में शामिल 8 अभियुक्तों राशिद, रिहान, साजिद, मोमिन, शादाब, शाहदाब, अनीश और अलीम को गिरफ्तार कर लिया है। फिलहाल गांव में शांति व्यवस्था कायम है और मामले की गहन जांच की जा रही है।
Location : Muzaffarnagar
Published : 4 April 2026, 3:20 PM IST