बेटी की डोली उठने से पहले ही जल गया अरमानों का दहेज, मुजफ्फरनगर में भीषण आग से नफीसा का सब कुछ राख

मुजफ्फरनगर के खालापार क्षेत्र में एक मकान में भीषण आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। दमकल विभाग ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक मकान मालकिन नफीसा की बेटी की शादी के लिए संजोया गया दहेज, नकदी और जेवर जलकर राख हो गए। पुलिस मामले की संदेहास्पद पहलुओं से जांच कर रही है।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 5 July 2026, 11:41 AM IST

Muzaffarnagar: मुजफ्फरनगर के थाना खालापार क्षेत्र में देर रात उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब खालापार इलाके में स्थित एक मकान में अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पूरे घर को अपनी चपेट में ले लिया और ऊंची-ऊंची लपटें उठने लगीं।

आग इतनी भयावह थी कि आसपास के लोगों में दहशत फैल गई और कई परिवार एहतियातन अपने घरों से बाहर निकलकर सड़क पर आ गए। स्थानीय लोगों ने तुरंत थाना खालापार पुलिस और दमकल विभाग को सूचना दी।

दमकल टीम ने आग पर पाया काबू

सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल की टीम मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि तब तक घर में रखा अधिकांश सामान जलकर राख हो चुका था। मकान मालकिन नफीसा ने बताया कि घटना के समय वह अपने रिश्तेदारी में गई हुई थीं।

बेटी की शादी का सामान जलकर राख

आग लगने की सूचना मिलने पर जब वह मौके पर पहुंचीं तो घर का हाल देखकर उनके होश उड़ गए। उन्होंने बताया कि अपनी बेटी की शादी के लिए लंबे समय से दहेज का सामान, नकदी और जेवर इकट्ठा कर रखे थे, लेकिन आग में सब कुछ जलकर खत्म हो गया। उन्होंने यह भी बताया कि इससे पहले भी उनके मकान में आग लग चुकी है, लेकिन उस घटना के कारणों का आज तक पता नहीं चल सका।

Muzaffarnagar News: कातिल को नहीं मिली राहत, होमगार्ड मर्डर केस में फांसी की सजा

वहीं, आसपास के कुछ लोगों का कहना है कि नफीसा के दो बेटे अक्सर शराब के नशे में आपस में झगड़ा करते रहते हैं। लोगों का अनुमान है कि किसी विवाद के दौरान घर में आग लगाई गई हो सकती है। उनका यह भी दावा है कि पहले भी इस तरह की घटनाएं हो चुकी हैं। हालांकि फिलहाल इस दावे की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

पुलिस कर रही जांच

उधर, थाना खालापार पुलिस ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस आग लगने के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए सभी पहलुओं पर जांच कर रही है। शुरुआती तौर पर आग लगने का कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही यह साफ हो सकेगा कि यह हादसा था या इसके पीछे कोई अन्य वजह थी।

 

Location :  Muzaffarnagar

Published :  5 July 2026, 11:41 AM IST