हिंदी
जेई पर पैसे मांगने का आरोप (Img: Pinterest)
Muzaffarnagar: मुजफ्फरनगर में किसान दिवस की बैठक उस समय हंगामेदार हो गई, जब किसानों ने बिजली विभाग के एक जूनियर इंजीनियर (JE) पर फुंके ट्रांसफॉर्मर बदलने के नाम पर पैसे मांगने का आरोप लगा दिया। किसान नेताओं ने अधिकारियों के सामने नाराजगी जताते हुए चेतावनी दी कि यदि किसानों से अवैध वसूली की गई तो इसका जोरदार विरोध किया जाएगा।
बुधवार को मुजफ्फरनगर जिला पंचायत सभागार में नगर मजिस्ट्रेट पंकज प्रकाश राठौड़ की अध्यक्षता में किसान दिवस का आयोजन किया गया। बैठक के दौरान किसानों ने बिजली, सड़क, जलभराव और ट्रैफिक पुलिस की चेकिंग समेत कई जनसमस्याओं को प्रमुखता से उठाया।
बैठक में सबसे ज्यादा हंगामा उस समय हुआ, जब किसानों ने बिजली विभाग के एक जूनियर इंजीनियर (JE) पर फुंके हुए ट्रांसफॉर्मर बदलने के नाम पर किसानों से पैसे मांगने का आरोप लगाया।
किसान नेता नीरज पहलवान ने दो टूक कहा कि कोई भी किसान जेई को एक भी रुपया नहीं देगा। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि किसी किसान से पैसे मांगे गए तो इसका कड़ा विरोध किया जाएगा।
वहीं, भारतीय किसान यूनियन के जिला अध्यक्ष नवीन राठी ने अधीक्षण अभियंता द्वारा फोन रिसीव न किए जाने पर नाराजगी जताई। उन्होंने अधिकारियों से किसानों की समस्याओं के प्रति गंभीर रहने और समय पर संवाद बनाए रखने की बात कही।
किसानों ने बैठक में बिजली आपूर्ति, खराब ट्रांसफॉर्मर, टूटी सड़कों, जलभराव और ट्रैफिक पुलिस की चेकिंग से जुड़ी समस्याओं को भी अधिकारियों के सामने रखा और इनके शीघ्र समाधान की मांग की।
किसान दिवस में डीडी प्रमोद सिरोही, जिला कृषि अधिकारी राहुल तेवतिया, मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी जितेंद्र गुप्ता, अधीक्षण अभियंता संजय शर्मा सहित बड़ी संख्या में किसान और संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
Location : Muzaffarnagar
Published : 16 July 2026, 10:03 AM IST