शराब के नशे में अंधाधुंध दौड़ी कार! मंदिर के बाहर उड़े बिजली के पोल और वाटर कूलर, तहस-नहस हुआ पूरा इलाका

मुजफ्फरनगर में आधी रात तेज रफ्तार कार मंदिर के बाहर जा भिड़ी। बिजली का पोल टूटकर सड़क पर गिर गया और पूरे इलाके की बिजली व्यवस्था बिगड़ गई।

Post Published By: Pratibha Yadav
Updated : 11 September 2026, 9:53 AM IST
google-preferred

Muzaffarnagar: उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जिले के सिविल लाइन थाना क्षेत्र में देर रात तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर मंदिर के बाहर लगे विद्युत पोल और नगर पालिका के वाटर कूलर से टकरा गई। टक्कर इतनी तेज थी कि बिजली का पोल टूटकर सड़क पर गिर गया और वाटर कूलर भी बुरी तरह टूट गया। हादसे के बाद इलाके की बिजली आपूर्ति काफी देर तक प्रभावित रही।

रात करीब 12:30 बजे हुआ हादसा

जानकारी के मुताबिक, घटना रात करीब 12:30 बजे साकेत पुलिस चौकी के पास स्थित मंदिर के बाहर हुई। कार अचानक बेकाबू हो गई और पहले नगर पालिका के वाटर कूलर से टकराई। इसके बाद कार विद्युत पोल से जा भिड़ी। टक्कर के कारण पोल सड़क पर गिर गया और आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई।

सीसीटीवी में कैद हुई पूरी घटना

हादसे का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। इसमें तेज रफ्तार कार मंदिर के बाहर लगे सामान से टकराती दिखाई दे रही है। टक्कर के बाद बिजली का पोल सड़क पर गिर जाता है। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।

मुजफ्फरनगर में सपा नेता की 5 दिन से नजरबंदी पर बवाल, जिया चौधरी पहुंचीं घर; पुलिस के खिलाफ लगाए नारे

मेडिकल जांच में शराब की पुष्टि

सिविल लाइन पुलिस के अनुसार, कार में दो युवक सवार थे। दोनों साकेत कॉलोनी के रहने वाले बताए जा रहे हैं। पुलिस ने उनका मेडिकल परीक्षण कराया, जिसमें शराब का सेवन किए जाने की बात सामने आई। हालांकि, बाद में दोनों पक्षों के बीच समझौता हो गया।

नुकसान की भरपाई का दिया आश्वासन

साकेत चौकी प्रभारी गजेंद्र सिंह ने बताया कि विद्युत विभाग ने करीब 15 हजार रुपये के नुकसान का आकलन किया है। विभाग की ओर से आरोपियों को एस्टीमेट दिया गया, जिसे उन्होंने स्वीकार कर लिया। युवकों ने बिजली विभाग और नगर पालिका को हुए नुकसान की भरपाई करने का आश्वासन दिया है।

मुजफ्फरनगर में अजीब प्रेम कहानी का खुलासा, किन्नर के साथ रहने के लिए पति ने उठाया बड़ा कदम

नया बिजली पोल लगाने का काम शुरू

हादसे के बाद विद्युत विभाग की टीम सुबह मौके पर पहुंची। टीम ने टूटे हुए पोल को हटाकर नया पोल लगाने का काम शुरू किया। पोल बदलने में कई घंटे लग गए, जिसके कारण साकेत क्षेत्र में लगभग पूरे दिन बिजली आपूर्ति प्रभावित रही। नगर पालिका के वाटर कूलर की मरम्मत या नुकसान की भरपाई का भी आश्वासन दिया गया है।

पुलिस में दर्ज नहीं हुई शिकायत

पुलिस के मुताबिक, नुकसान की भरपाई के आश्वासन के बाद विद्युत विभाग और नगर पालिका की ओर से कोई शिकायत नहीं दी गई। इसी वजह से दोनों पक्षों के बीच समझौता हो गया। घटना के बाद से इलाके में यह मामला चर्चा का विषय बना हुआ है।

Location :  Muzaffarnagar

Published :  11 September 2026, 9:53 AM IST

Related News

Advertisement