
ठगी के पैसों को खपाने वाला नेटवर्क बेनकाब
Muzaffarnagar: जनपद में साइबर क्राइम पुलिस ने साइबर धोखाधड़ी के मामलों में इस्तेमाल किए जा रहे म्यूल बैंक खातों के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक आरोपी साइबर ठगी की रकम बैंक खातों में मंगवाकर उसे कैश निकालते थे और कमीशन काटने के बाद रकम अपने साथियों तक पहुंचाते थे।
पुलिस के अनुसार गृह मंत्रालय के ऑनलाइन पोर्टल ‘प्रतिबिम्ब’ पर सामने आए संदिग्ध बैंक खातों की जांच के दौरान यह मामला सामने आया। जांच में पुलिस को इन खातों के साइबर धोखाधड़ी की रकम के हस्तांतरण और निकासी में इस्तेमाल होने की जानकारी मिली।
बैंक खातों के जरिए चल रहा था ठगी का खेल
16 सितंबर को साइबर क्राइम थाना पुलिस ने मेरठ के दौराला क्षेत्र के कैली निवासी जीशान उर्फ शाहरूख और मौहम्मद हसन को गिरफ्तार किया। पुलिस का दावा है कि पूछताछ में आरोपियों ने साइबर अपराधियों को म्यूल बैंक खाते उपलब्ध कराने और ठगी की रकम निकालने की बात बताई।
पुलिस के मुताबिक आरोपी रकम निकालने के बाद अपना कमीशन रखते थे और बाकी रकम यूएसडीटी के जरिए अपने साथियों को भेजते थे।आरोपियों के कब्जे से 2 मोबाइल फोन, 3 चेकबुक, 3 पासबुक, 3 एटीएम कार्ड और एक फर्जी आधार कार्ड बरामद होने की बात पुलिस ने कही है।
मामले में थाना साइबर क्राइम पर मु0अ0सं0 34/2026 के तहत बीएनएस की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज है। पुलिस अब आरोपियों के अन्य साथियों और साइबर ठगी से जुड़े नेटवर्क की जानकारी जुटाने में लगी है।
Location : Muzaffarnagar
Published : 17 September 2026, 12:49 AM IST