मुजफ्फरनगर के ककरौली थाना क्षेत्र में भगवा वस्त्र पहनकर भीख मांगने की आड़ में घरों की रेकी करने के आरोप में एक युवक को गिरफ्तार किया गया है। पूछताछ में संगठित गिरोह का खुलासा हुआ है। पुलिस ने आरोपी को जेल भेज दिया है और फरार साथियों की तलाश में टीमें गठित की गई हैं।

थाना ककरौली (Img: Google)
Muzaffarnagar: उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जनपद से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां ककरौली थाना क्षेत्र के ग्रामीणों ने भगवा वस्त्र धारण कर घर-घर भीख मांगने वाले एक युवक को संदिग्ध गतिविधियों के शक में पकड़ लिया। ग्रामीणों का आरोप है कि युवक भीख मांगने की आड़ में गांव के घरों की रेकी कर रहा था।
डाइनामाइट न्यूज़ संवाददाता के अनुसार, इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला चर्चा में आ गया।
जानकारी के अनुसार, ककरौली थाना क्षेत्र में पिछले कुछ दिनों से कुछ लोग भगवा वस्त्र पहनकर गांवों में घूम रहे थे और खुद को साधु-भिक्षुक बताकर भीख मांग रहे थे। वहीं मंगलवार को ग्रामीणों को एक युवक की गतिविधियां संदिग्ध लगीं। बताया जा रहा है कि युवक हाथ में कलावा बांधे हुए था और शरीर पर भगवा वस्त्र धारण किए हुए था। जब ग्रामीणों ने उससे सख्ती से पूछताछ की तो वह संतोषजनक जवाब नहीं दे सका।
मैनपुरी जिला अस्पताल की बड़ी लापरवाही, मरीज़ को दी गलत रिपोर्ट; जानें पूरा मामला
वहीं संदेह गहराने पर ग्रामीणों ने युवक को पकड़ लिया। इस दौरान मौके पर मौजूद लोगों ने पूछताछ का वीडियो भी बना लिया, जो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को अपने कब्जे में लेकर थाने ले गई। पुलिस ने स्पष्ट किया कि कानून हाथ में लेना उचित नहीं है और मामले की जांच की जा रही है।
दूसरी तरफ, पुलिस पूछताछ में युवक ने अपना नाम एहसान बताया, जो बुढ़ाना कोतवाली क्षेत्र के जौला गांव का रहने वाला है। आरोपी ने स्वीकार किया कि वह अपना नाम बदलकर ‘लछु’ बताता था ताकि किसी को शक न हो। पूछताछ में यह भी सामने आया कि वह एक संगठित गिरोह का हिस्सा है, जिसमें उसके परिवार के अन्य सदस्य भी शामिल हैं।
आरोप है कि यह गिरोह दिन के समय भगवा वस्त्र पहनकर गांवों में भीख मांगने के बहाने घरों की स्थिति, लोगों की मौजूदगी और कीमती सामान की जानकारी जुटाता था। इसके बाद रात में चोरी या लूट की योजना बनाई जाती थी।
पुलिस के अनुसार, यह गिरोह मीरापुर थाना क्षेत्र में एक किराए के मकान में रह रहा था। जब पुलिस ने तलाशी ली तो वहां से भीख में मिले दाल, चावल और अन्य घरेलू सामग्री बरामद हुई। पुलिस का कहना है कि गिरोह के अन्य सदस्य मौके से फरार हो गए, जिनकी पहचान कर ली गई है।
एसपी ग्रामीण आदित्य बंसल ने बताया कि ककरौली थाना क्षेत्र से संदिग्ध गतिविधियों की सूचना मिली थी। जांच के दौरान एहसान पुत्र शकील को गिरफ्तार किया गया, जो भेष बदलकर भीख मांगने और रेकी करने का काम कर रहा था। उसके खिलाफ बीएनएस की सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया गया है। फरार साथियों की गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग टीमें गठित की गई हैं।