
नीतू और सुमित की शादी का फोटो
Ghaziabad Desk : गाजियाबाद से एक बड़ी खबर सामने आ रही है। शादी के कुल 6 महीने बाद एक विवाहिता की मौत हो गई। इस मामले में विवाहिता के मायके वालों ने पुलिस को शिकायत दी है, जिसमें दहेज हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया और जांच शुरू कर दी है।
गाजियाबाद पुलिस ने जानकारी देते हुए बताया कि मूल रूप से बुलंदशहर की रहने वाली 23 साल की नीतू की शादी 10 दिसंबर 2025 को हुई थी। नीतू की शादी गाजियाबाद के नंदग्राम थाना क्षेत्र में स्थित गुलधर स्टेशन के पास रहने वाले सुमित कुमार से हुई थी।
गाजियाबाद पुलिस ने बताया कि नीतू का पति सुमित एक प्राइवेट कंपनी में नौकरी करता है। पुलिस ने बताया कि रविवार को नीतू की मौत हो गई। उसका शव फांसी पर लटका मिला। इस मामले में लड़की के घर वालों ने दहेज हत्या का आरोप लगाया है।
नीतू के भाई अमित ने बताया कि करीब 10 दिन पहले नीतू अपने मायके में आई थी और उसने बताया था कि दहेज के लिए पति समेत पूरा ससुराल परेशान करता है। नीतू ने अपने परिवार को बताया था कि सुमित कुमार के घर वाले बुलेट मोटरसाइकिल और सोने की चेन मांग रहे हैं। मांग पूरी नहीं होने पर उसको पीटा जाता है। इस मामले में पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। नीतू के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
Location : Ghaziabad
Published : 7 June 2026, 10:29 PM IST