
चयन छात्र (Img: Dynamite News)
Mirzapur: मिर्जापुर जिले के पीएम श्री स्कूल ककरद (मड़िहान) की छात्रा कुमारी लक्ष्मी और लालगंज तहसील के राजकीय हाईस्कूल दुबारकलां के छात्र शुभम का चयन प्रेरणा उत्सव के लिए किया गया है। यह कार्यक्रम गुजरात के वडनगर में 23 से 29 अगस्त तक आयोजित होगा। दोनों विद्यार्थी 21 अगस्त को प्रयागराज रेलवे स्टेशन से अहमदाबाद के लिए रवाना होंगे। कार्यक्रम का आयोजन भारत सरकार के शिक्षा मंत्रालय की ओर से किया जा रहा है, जिसमें देशभर के चयनित छात्र भाग लेंगे।
पीएम श्री स्कूल ककरद के प्रधानाध्यापक राजेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि छात्रा लक्ष्मी का चयन जवाहर नवोदय विद्यालय पटेहरा कला द्वारा जारी सूची के आधार पर हुआ है। उन्होंने बताया कि लक्ष्मी पढ़ाई में बेहद प्रतिभाशाली हैं।
लक्ष्मी एक साधारण परिवार से आती हैं। उनके पिता मुखलाल मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करते हैं, जबकि उनकी मां बबीता सरोज गृहिणी हैं। बेटी के राष्ट्रीय स्तर के कार्यक्रम के लिए चयन की खबर मिलते ही परिवार में खुशी का माहौल है। माता-पिता ने इसे अपनी मेहनत और बेटी की लगन का परिणाम बताया।
यह भी पढ़ें: Mirzapur: आमघाट ओवरब्रिज निर्माण में भ्रष्टाचार का आरोप; सपा कार्यकर्ताओं का जोरदार प्रदर्शन, उच्चस्तरीय जांच की मांग
राजकीय हाईस्कूल दुबारकलां के छात्र शुभम का भी प्रेरणा उत्सव के लिए चयन हुआ है। विद्यालय के प्रधानाध्यापक विमल चंद यादव ने बताया कि शुभम किसान सुरेंद्र कुमार के पुत्र हैं और पढ़ाई में हमेशा अच्छा प्रदर्शन करते रहे हैं। उनके चयन से विद्यालय और पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है।
विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों और शिक्षकों ने दोनों विद्यार्थियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। साथ ही बताया कि पीएम श्री कम्पोजिट विद्यालय ककरद की सहायक अध्यापिका रंजना मौर्या को इस कार्यक्रम के लिए महिला मार्ग अनुरक्षक की जिम्मेदारी सौंपी गई है। शिक्षकों का कहना है कि इस उपलब्धि से जिले के अन्य विद्यार्थियों को भी प्रेरणा मिलेगी और वे राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखाने के लिए उत्साहित होंगे।
यह भी पढ़ें: Mirzapur: रात में सो रहे थे लोग, अचानक भरभराकर गिरी दीवार, सुबह का मंजर देख कांप उठे ग्रामीण
लक्ष्मी और शुभम का राष्ट्रीय कार्यक्रम के लिए चयन मिर्जापुर जिले के लिए गर्व की बात है। स्थानीय लोगों का मानना है कि दोनों छात्र अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन से न केवल जिले बल्कि पूरे उत्तर प्रदेश का नाम रोशन करेंगे।
Location : Mirzapur
Published : 21 August 2026, 4:50 PM IST