वाराणसी में मामूली विवाद मे खूनी वारदात, एक की हत्या, दो घायल; पुलिस पर फायरिंग

वाराणसी के आदमपुर थाना क्षेत्र में चाय की दुकान पर हुए मामूली विवाद ने खौफनाक रूप ले लिया। आरोपी ने पहले धमकी दी और अगले ही दिन एक व्यक्ति की हत्या कर दी, जबकि दो अन्य पर भी हमला किया। गिरफ्तारी के बाद पुलिस पर फायरिंग की कोशिश करने पर आरोपी मुठभेड़ में घायल हो गया।

Post Published By: Komal Chauhan
Updated : 9 August 2026, 2:07 PM IST
google-preferred

Varanasi: वाराणसी के आदमपुर थाना क्षेत्र में एक मामूली कहासुनी ने बड़ी घटना का रूप ले लिया। हनुमान फाटक पुलिस चौकी से कुछ ही दूरी पर शुक्रवार देर रात एक युवक ने सो रहे तीन लोगों पर हमला कर दिया। इस हमले में रवि चौहान उर्फ पप्पू (42) की मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

जानकारी के अनुसार, एक दिन पहले चाय की दुकान पर रवि चौहान और मोहम्मद ताजिम के बीच धक्का लगने को लेकर विवाद हुआ था। आसपास मौजूद लोगों ने दोनों को शांत करा दिया, लेकिन जाते समय ताजिम ने धमकी दी थी कि इसका अंजाम बुरा होगा।

अस्पताल में रवि को मृत घोषित किया गया

शुक्रवार देर रात आरोपी मौके पर पहुंचा और सबसे पहले पान दुकानदार अशोक कुमार पासवान पर हमला किया। इसके बाद उसने पास की दुकान में सो रहे रवि चौहान के सिर पर कई बार पटिया से वार कर दिया। शोर सुनकर जागे ड्राई क्लीनर गणेशु कनौजिया पर भी उसने ईंट से हमला कर दिया।

घटना की सूचना मिलते ही आदमपुर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को कबीरचौरा अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने रवि चौहान को मृत घोषित कर दिया, जबकि दोनों घायलों का इलाज जारी है। पूरी घटना आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में भी कैद हुई है।

यह भी पढ़ें: Varanasi: पहले हुआ हंगामा, फिर बरसने लगे पत्थर! रवि चौहान की हत्या से मचा हड़कंप

तीन घंटे में आरोपी गिरफ्तार

वारदात के बाद पुलिस और एसओजी टीम ने कार्रवाई करते हुए करीब तीन घंटे के भीतर आरोपी मोहम्मद ताजिम को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के बाद जब पुलिस उसे वारदात में इस्तेमाल की गई पटिया बरामद कराने ले जा रही थी, तब उसने एक पुलिसकर्मी की पिस्टल छीनकर फायरिंग करने की कोशिश की।

पुलिस मुठभेड़ में घायल हुआ आरोपी

पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लगी। घायल अवस्था में उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने उसके खिलाफ हत्या, पुलिस पर हमला और अन्य गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।

परिजनों ने किया चक्काजाम

पोस्टमार्टम के बाद रवि चौहान का शव घर पहुंचा तो गुस्साए परिजनों ने हनुमान फाटक पर शव रखकर सड़क जाम कर दी। पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर लोगों को समझाया, जिसके बाद जाम समाप्त हुआ और शाम को अंतिम संस्कार कराया गया।

यह भी पढ़ें: Varanasi News: बैंक लोन के दबाव में रचा खुद के अपहरण का ड्रामा, प्रयागराज के होटल से पकड़ा गया साड़ी कारीगर

पुलिस कर रही आगे की जांच

पुलिस के अनुसार, आरोपी का पहले भी आक्रामक व्यवहार रहा है और वह गलत संगत में रहता था। मामले की जांच जारी है और सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।

Location :  Varanasi

Published :  9 August 2026, 2:04 PM IST

Advertisement